राशिद खान के बिना एकमात्र टेस्ट में बांग्लादेश का सामना करेगी अफगानिस्तान क्रिकेट टीम
अफगानिस्तान तीन अनकैप्ड खिलाड़ियों को बांग्लादेश दौरे पर आजमा सकता है।
अद्यतन - जून 7, 2023 6:59 अपराह्न

अफगानिस्तान ने 14 जून से बांग्लादेश के खिलाफ शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट के लिए 15-सदस्यीय टीम की घोषणा की है।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) की चयन समिति ने राशिद खान को उनकी पीठ की चोट से रिकवर होने के बाद एहतियाती तौर पर बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए आराम देने का फैसला किया है। इस बीच, अफगानिस्तान ने इस टेस्ट मैच के लिए अपने स्क्वॉड में तीन अनकैप्ड खिलाड़ियों – तेज गेंदबाज इब्राहिम अब्दुलरहीमजई और निजात मसूद के साथ-साथ युवा लेग स्पिनर इजहारुलहक को शामिल किया है।
बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में नहीं खेलेंगे राशिद खान
वहीं दूसरी ओर, जिया उर रहमान अकबर, नूर अली जादरान, अजमतुल्लाह उमरजई और सैयद अहमद शिरजाद अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के साथ रिजर्व खिलाड़ियों के रूप में बांग्लादेश का दौरा करेंगे। इस बीच, राशिद खान दो महीने तक आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे थे और फ्रेंचाइजी को फाइनल में जगह बनाने में मदद की थी। जिसके बाद 24-वर्षीय लेग-स्पिनर अपनी पीठ के निचले हिस्से में चोट के कारण श्रीलंका के खिलाफ पहले दो ODI मैचों से बाहर हो गए थे।
हालांकि, राशिद खान ने 7 जून को श्रीलंका के खिलाफ अंतिम ODI में वापसी की, लेकिन अफगानिस्तान टीम प्रबंधन चाहता है कि पिछले कुछ महीनों से नॉन-स्टॉप प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने के बाद लेग-स्पिनर थोड़ा आराम करे ताकि वह फ्रेश वापसी कर सकें।
अफगानिस्तान के सहायक कोच रईस अहमदजई ने क्रिकबज के हवाले से कहा: “राशिद को बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच से आराम दिया गया है, क्योंकि उन्होंने बहुत अधिक नॉन-स्टॉप क्रिकेट खेला है, और हम उनकी पीठ की चोट को ध्यान में रखते हुए जोखिम नहीं उठाना चाहते।”
यहां देखिए बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए अफगानिस्तान का स्क्वॉड:
हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह (उपकप्तान), अफसर जजई (विकेटकीपर), इकराम अलीखैल (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, अब्दुल मलिक, बहीर शाह, नासिर जमाल, करीम जनत, जहीर खान, इजहारुलहक नवीद, हमजा हॉटक, इब्राहिम अब्दुलरहीमजई , यामीन अहमदजई और निजात मसूद।