पीठ में जकड़न की थी शिकायत, शाकिब अल हसन टेस्ट सीरीज से पहले ही पहुंचे अस्पताल
टेस्ट मुकाबले की एक शाम पहले बांग्लादेश टीम के कप्तान शाकिब अल हसन को चेकअप के लिए अस्पताल भेजा गया।
अद्यतन - दिसम्बर 13, 2022 2:36 अपराह्न

वनडे सीरीज अपने नाम करने के बाद अब मेजबान बांग्लादेश दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज के लिए भारत के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। हालांकि रिपोर्ट्स की माने तो बांग्लादेशी कप्तान शाकिब अल हसन चट्टोग्राम में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मुकाबले से पहले पीठ के दर्द से पीड़ित हैं।
टेस्ट मुकाबले की एक शाम पहले बांग्लादेश टीम के कप्तान को चेकअप के लिए अस्पताल भेजा गया। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने आधिकारिक तौर पर द डेली स्टार को बताया है कि, ‘ यह कोई गंभीर चोट नहीं है। दरअसल उस समय कोई भी गाड़ी हमारे पास नहीं थी इसी वजह से उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। उन्हें पीठ में काफी समस्या हो रही थी और इसीलिए उन्हें चेकअप के लिए भेजा गया।’
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी हैं चोटिल
बता दें, दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के अंगूठे में चोट लग गई थी जिसके बाद वो तीसरे और अंतिम वनडे मैच में नहीं खेल पाए थे। शाकिब अल हसन की पीठ में परेशानी है लेकिन यह कोई गंभीर चोट नहीं है। हालांकि मेडिकल टीम जब तक इस बात को पूरी तरह से सुनिश्चित नहीं कर लेगी तब तक वो बांग्लादेशी कप्तान को हरी झंडी नहीं देगी।
शाकिब अल हसन का खेलना भी इस टेस्ट सीरीज में बेहद जरूरी है। यह चोट उन्हें वनडे सीरीज के दौरान लगी जब उमरान मलिक की एक गेंद उनकी पीठ पर लगी। इसके बाद मैनेजमेंट ने यह फैसला लिया कि शाकिब की पीठ का एक्स-रे कराया जाए। सबसे बड़ी बात यह रही कि शाकिब अभ्यास सत्र में भी नहीं आए।
बांग्लादेश टीम ने वनडे सीरीज अपने नाम कर ली है और अब वो टेस्ट सीरीज को भी अपने नाम करने मैदान पर उतरेंगे।
पहले टेस्ट के लिए बांग्लादेश की टीम:
महमूदुल हसन जॉय, नजमुल हुसैन शांतो, मोमिनुल हक, यासिर अली, मुश्फिकुर रहीम, शाकिब अल हसन (कप्तान), लिटन दास, नुरुल हसन, मेहदी हसन मिराज, तैजुल इस्लाम, तस्कीन अहमद, खालिद अहमद, इबादत हुसैन, शोरफुल इस्लाम, जाकिर हसन, रेजौर रहमान राजा, अनामुल हक.