लगातार दो मैच हारने के बाद BCCI को आई इस दिग्गज स्पिनर की याद, आखिरी वनडे के लिए टीम में किया शामिल - क्रिकट्रैकर हिंदी

लगातार दो मैच हारने के बाद BCCI को आई इस दिग्गज स्पिनर की याद, आखिरी वनडे के लिए टीम में किया शामिल

बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी वनडे मैच में केएल राहुल करेंगे कप्तानी।

Team India (Image Source: BCCI)
Team India (Image Source: BCCI)

भारत के कप्तान रोहित शर्मा को बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे में फील्डिंग के अंगूठे में चोट लग गई। इसके बाद बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उनका आकलन किया और ढाका के एक स्थानीय अस्पताल में उनका स्कैन किया गया। रोहित शर्मा अब विशेषज्ञ परामर्श के लिए मुंबई के लिए रवाना हो गए और वो बांग्लादेश के खिलाफ अंतिम एकदिवसीय मैच में भी नहीं खेल पाएंगे। वहीं आगामी टेस्ट सीरीज के लिए उनकी उपलब्धता पर बाद में फैसला लिया जाएगा।

रोहित के अलावा तेज गेंदबाज कुलदीप सेन ने पहले वनडे के बाद पीठ में जकड़न की शिकायत की थी। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उन्हें दूसरे वनडे से आराम की सलाह दी थी, लेकिन अब वो पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। वहीं उनके साथी तेज गेंदबाज दीपक चाहर भी बाएं हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के बाद श्रृंखला से भी बाहर हो गए हैं। कुलदीप सेन और दीपक चाहर दोनों अब अपनी चोटों के आगे के मैनेजमेंट के लिए NCA में रिपोर्ट करेंगे।

इसी बीच बीसीसीआई के सीनियर सेलेक्शन कमिटी ने  तीसरे और आखिरी वनडे मैच के लिए टीम में कुलदीप यादव को शामिल किया है। साथ ही में उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा है कि, रोहित की गैरमौजूदगी में अब केएल राहुल तीसरे वनडे मैच में भारत की कप्तानी करेंगे।

व्हाइटवॉश से बचना चाहेगी टीम इंडिया

सीरीज की बात करें तो शुरुआती दो मुकाबले हारने के बाद टीम इंडिया अभी 0-2 से पीछे है। अब टीम की नजरें आखिरी मैच जीतकर व्हाइटवॉश से बचने की होगी। ऐसा लगातार दूसरी बार हुआ है जब बांग्लादेश ने अपने ही घर में वनडे सीरीज में भारत को मात दी हो। इससे पहले साल 2015 में एमएस धोनी की कप्तानी में बांग्लादेश ने भारत को 1-2 से मात दी थी।

बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे के लिए भारतीय टीम: केएल राहुल (कप्तान) (विकेटकीपर), शिखर धवन, विराट कोहली, रजत पाटीदार, श्रेयस अय्यर, राहुल त्रिपाठी, इशान किशन (विकेटकीपर), शाहबाज अहमद, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक, कुलदीप यादव।

close whatsapp