अजिंक्य रहाणे

अजिंक्य रहाणे ने नहीं छोड़ी है टेस्ट क्रिकेट में वापसी की उम्मीद, कहा- मेरा लक्ष्य 100 टेस्ट मैच खेलना है

आखिरी बार वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच खेले थे अजिंक्य रहाणे।

Ajinkya Rahane (Photo Source: Twitter)
Ajinkya Rahane (Photo Source: Twitter)

श्रेयस अय्यर और केएल राहुल के चयन के लिए उपलब्ध नहीं होने के कारण, अजिंक्य रहाणे को 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल के लिए टीम में शामिल किया गया था। वहां उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया जिसके बाद उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भी टीम में जगह मिली। साथ ही वहां उन्हें उपकप्तानी की जिम्मेदारी भी दी गई। हालांकि, राहुल और अय्यर की वापसी के बाद रहाणे को दक्षिण अफ्रीका दौरे से बाहर कर दिया गया था।

हालांकि रहाणे अभी हार मानने को तैयार नहीं हैं। अनुभवी बल्लेबाज ने हाल ही में अपने लक्ष्यों के बारे में खुलकर बात की और देश के लिए 100 टेस्ट मैच खेलने की इच्छा व्यक्त की। बता दें कि, 35 वर्षीय खिलाड़ी ने अब तक 85 टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें 38.46 की औसत से 5077 रन बनाए हैं। उन्होंने बताया कि वो अपनी टीम के लिए इस सीजन रणजी ट्रॉफी भी जीतना चाहते हैं।

मेरा लक्ष्य रणजी ट्रॉफी जीतना है और 100 टेस्ट मैच खेलना है- अजिंक्य रहाणे

हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से अजिंक्य रहाणे ने कहा कि, “मैं एक समय में एक मैच में मुंबई के लिए अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं। मेरा लक्ष्य रणजी ट्रॉफी जीतना है और बड़ा लक्ष्य 100 टेस्ट मैच खेलना है।”

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सफल होने के लिए आवश्यक गुणों के बारे में बात करते हुए रहाणे ने कहा कि मानसिकता सही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर क्रिकेटर में कमोबेश एक जैसे गुण होते हैं लेकिन टीम मैनेजमेंट अच्छी मानसिकता पर ध्यान देती है। उन्होंने आगे बताया कि एक क्रिकेटर असफलता से कैसे निपटता है, यह भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मायने रखता है।

रहाणे ने आगे कहा कि, “यह सब मानसिकता के बारे में है। आपका खेल अचानक नहीं बदलता। अंत में, बल्लेबाज को गेंद को देखना होगा और खेलना होगा। लेकिन यह मानसिकता के बारे में है जब आप वहां होते हैं… आप क्या सोच रहे हैं… वह प्रत्येक व्यक्ति के लिए अलग होता है। आप कैसे तैयारी करते हैं, आप किस प्रक्रिया का पालन करते हैं… ये सभी छोटी-छोटी चीजें मायने रखती हैं।

आप सिर्फ बल्लेबाजी और गेंदबाजी के बारे में नहीं सोच सकते। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आपकी मानसिकता सही होनी चाहिए। आप मानसिक रूप से कितने मजबूत हैं यह भी महत्वपूर्ण है। आप गति को कैसे संभालते हैं, आप विफलता को कैसे संभालते हैं। ये सभी चीजें मायने रखती हैं।”

यह भी पढ़ें: IND vs AFG, 2nd T20I: भारत और अफगानिस्तान के धमाकेदार मुकाबले में यह टीम मारेगी बाजी!

close whatsapp