बांग्लादेश के तेज गेंदबाज शोहिदुल इस्लाम को 10 महीने के लिए किया गया प्रतिबंधित
ICC एंटी डोपिंग कोड के आर्टिकल 2.1 के अनुसार यह सुनिश्चित करना एथलीटों का व्यक्तिगत कर्तव्य है कि कोई भी निषिद्ध पदार्थ उनके शरीर में प्रवेश ना करें।
अद्यतन - Jul 14, 2022 11:13 pm

बांग्लादेश के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज शोहिदुल इस्लाम को ICC एंटी डोपिंग कोड के आर्टिकल 2.1 के उल्लंघन के लिए दोषी ठहराए जाने के बाद 10 महीने के लिए क्रिकेट के सभी प्रारूपों से निलंबित कर दिया है। बता दें, शोहिदुल इस्लाम ने बांग्लादेश के लिए एक टी-20 मुकाबला खेला है और अपना दोष स्वीकार करने के बाद उनके ऊपर 10 महीने का बैन लगाया गया है।
बांग्लादेश के दाएं हाथ के गेंदबाज ने 28 मई को अपना अपराध स्वीकार किया था इसी वजह से अब वह 28 मार्च 2023 तक कोई भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेल सकते हैं।
शोहिदुल इस्लाम ने बांग्लादेश के लिए एकमात्र टी-20 मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ खेला था। इस मुकाबले में उन्होंने मोहम्मद रिजवान का विकेट लिया था। हालांकि पाकिस्तान ने यह मुकाबला अपने नाम किया था और उन्होंने यह सीरीज 3-0 से जीती थी।
न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी इस्लाम बांग्लादेश टीम के साथ गए थे लेकिन उन्हें वहां अपना प्रदर्शन दिखाने का मौका नहीं मिला। वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रहे दौरे में भी इस्लाम बांग्लादेश टेस्ट और टी-20 टीम के साथ गए थे। हालांकि चोटिल होने की वजह से वो मुकाबले नहीं खेल पाए थे।
यह है पूरा मामला:
शोहिदुल इस्लाम के यूरिन की जांच में क्लोमिफेन पाया गया था जिसे WADA की निषिद्ध सूची के तहत एक गलत पदार्थ कहा गया है। क्लोमिफेन कंपटीशन के अंदर और कंपटीशन के बाहर दोनों जगह पर प्रतिबंधित है।
प्रतिबंध लगाते हुए ICC ने इस बात की पुष्टि की है कि इस्लाम ने दवाई के जरिए क्लोमिफेन लिया था। वहीं इस्लाम ने अपना बचाव करते हुए कहा है कि उन्होंने यह दवाई जानबूझकर नहीं ली थी बल्कि गलती से ली थी। ICC एंटी डोपिंग कोड के आर्टिकल 2.1 के अनुसार यह सुनिश्चित करना एथलीटों का व्यक्तिगत कर्तव्य है कि कोई भी निषिद्ध पदार्थ उनके शरीर में प्रवेश ना करें। अगर उनके शरीर में यह पदार्थ पाया जाता है तो पूरी की पूरी उस एथलीट की ही गलती होगी।
अब देखने वाली बात यह होगी कि शोहिदुल इस्लाम के ऊपर से जब 10 महीने बाद यह बैन हटेगा तब वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कैसी वापसी करते हैं।