सट्टेबाजी कंपनी को लेकर किए गए सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अब BCB करेगा शाकिब अल हसन की इस मामले में जांच
यहां अनुमति देने की कोई उम्मीद ही नहीं है क्योंकि हम अनुमति देते ही नहीं हैं। जुए से संबंधित किसी भी चीज को लेकर हम अनुमति नहीं देते हैं: BCB के अध्यक्ष नजमुल हसन
अद्यतन - अगस्त 5, 2022 2:51 अपराह्न

बांग्लादेश के दिग्गज ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने हाल ही में बेटविनर न्यूज़ कंपनी के साथ अपनी पार्टनरशिप की घोषणा सोशल मीडिया में की थी जिसको लेकर तमाम तरह के सवाल उठाए जा रहे है। बांग्लादेश के कानून के मुताबिक, जुए से संबंधित सुविधा देने वाली कंपनियों पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं और बांग्लादेश बोर्ड इस मुद्दे को लेकर काफी गंभीर है।
BCB के अध्यक्ष नजमुल हसन ने इस मामले पर दो चीजों पर जोर देते हुए कहा है कि बोर्ड सट्टेबाजी से संबंधित किसी भी चीज के लिए अनुमति प्रदान नहीं करेगा और दूसरा इस बात की पुष्टि करेगा कि क्या शाकिब अल हसन ने उनके साथ किसी भी समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं या नहीं।
शाकिब को नोटिस दी जाएगी और उनसे बात की जाएगी: BCB के अध्यक्ष नजमुल हसन
क्रिकबज के मुताबिक BCB के अध्यक्ष नजमुल हसन ने कहा कि, ‘यहां दो बाते हैं। यहां अनुमति देने की कोई उम्मीद ही नहीं है क्योंकि हम अनुमति देते ही नहीं हैं। जुए से संबंधित किसी भी चीज को लेकर हम अनुमति नहीं देते हैं। इसका मतलब उन्होंने हमसे कोई परमिशन नहीं मांगी। दूसरा क्या उन्होंने किसी भी समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं या नहीं।
आज की बैठक में इस बात को लेकर चर्चा हुई थी और हमने यही कहा कि यह कैसे हो सकता है क्योंकि यह नामुमकिन है। अगर ऐसा हुआ है तो उनसे तुरंत इसी समय पूछा जाए। उनको नोटिस भेजी जाए और पूछा जाए कि यह कैसे हुआ है जब आपको बोर्ड ने अनुमति ही नहीं दी है। अगर ये जुए से संबंधित है तो हम इसे अनुमति नहीं देते हैं।
BCB अध्यक्ष ने आगे कहा कि, ‘कुछ लोग बोर्ड के यह कह रहे हैं कि बेटविनर न्यूज़, ऑनलाइन जुआ पोर्टल से संबंधित नहीं है इसलिए अभी हम इस पर फैसला नहीं ले पा रहे हैं। लेकिन मैंने सब से कह दिया है कि जल्द से जल्द इसके बारे में पूछा जाए और फिर फैसला लिया जाए। बोर्ड के हिसाब से भी यही सब का मानना है कि इसकी अनुमति देना नामुमकिन है।
जुए से संबंधित कोई भी गतिविधि सिर्फ क्रिकेट में ही नहीं बल्कि हमारे देश में भी प्रतिबंधित है: BCB के अध्यक्ष नजमुल हसन
नजमुल ने आगे कहा कि, ‘सबसे पहले तो हमें यह जानना होगा कि उन्होंने क्या किया है। जुए से संबंधित कोई भी गतिविधि सिर्फ क्रिकेट में ही नहीं बल्कि हमारे देश में भी प्रतिबंधित है। यह काफी गंभीर मुद्दा है। हम फेसबुक पर जो बाते पोस्ट की गई हैं उनको देखते हुए अपना फैसला नहीं सुना सकते लेकिन अगर यह बात सच है तो बोर्ड इस पर कड़े कदम उठाएगी।
बता दें, शाकिब को पहले ही साल 2019 में 1 साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था जब उन्होंने भ्रष्टाचार विरोधी मुद्दों में ICC आचार संहिता के उल्लंघन के तीन आरोपों को स्वीकार किया था।