BCCI ने की 2023-24 घरेलू क्रिकेट सत्र की घोषणा, इस दिन से शुरू होगा रणजी ट्रॉफी - क्रिकट्रैकर हिंदी

BCCI ने की 2023-24 घरेलू क्रिकेट सत्र की घोषणा, इस दिन से शुरू होगा रणजी ट्रॉफी

BCCI द्वारा घोषित 2023-24 घरेलू क्रिकेट सीजन में कुल 1846 मैच खेले जाएंगे।

BCCI (Photo Source: Anirudha Chowdhury/Getty Images)
BCCI (Photo Source: Anirudha Chowdhury/Getty Images)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार 11 अप्रैल को 2023-24 के लिए घरेलू क्रिकेट सत्र की घोषणा कर दी है। इस सीजन में कुल 1846 मैच जून 2023 से लेकर मार्च 2024 के बीच में खेले जाएंगे। घरेलू क्रिकेट सत्र में पहले दलीप ट्रॉफी, फिर देवधर ट्रॉफी, ईरानी कप, सईद मुश्ताक अली ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और फिर रणजी ट्रॉफी खेली जाएगी। BCCI ने महिला घरेलू क्रिकेट सत्र के शेड्यूल की भी घोषणा साथ में कर दी है।

दलीप ट्रॉफी से शुरू होगा घरेलू सीजन

भारतीय क्रिकेट का घरेलू सीजन दलीप ट्रॉफी से शुरू होगा। दलीप ट्रॉफी 28 जून से 16 जुलाई 2023 तक खेला जाएगा। जिसके ठीक बाद देवधर ट्रॉफी 24 जुलाई से 3 अगस्त तक खेला जाएगा। यह दोनों टूर्नामेंट छह जोन में खेले जाएंगे। जिसमें- सेंट्रल, साउथ, नॉर्थ, ईस्ट, वेस्ट और नॉर्थ-ईस्ट शामिल रहेंगे। देवधर ट्रॉफी के बाद ईरानी कप 1 अक्टूबर से शुरू होगा। पिछले सीजन सौराष्ट्र ने ईरानी कप अपने नाम किया था।

इन टूर्नामेंट के बाद व्हाइट बॉल टूर्नामेंट सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी टूर्नामेंट खेला जाएगा। सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी 16 अक्टूबर से 6 नवंबर तक खेली जाएगी। जिसके बाद विजय हजारे ट्रॉफी का आयोजन 23 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच किया जाएगा। व्हाइट बॉल टूर्नामेंट में कुल 38 टीमें भाग लेंगी। जिसमें दो ग्रुप में सात टीमें और तीन ग्रुप में आठ टीमें शामिल रहेंगी।

रणजी ट्रॉफी इस दिन से होगा शुरू

भारतीय क्रिकेट फैंस को घरेलू सत्र के सबसे बड़े टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी का इंतजार रहता है। रणजी ट्रॉफी 5 जनवरी 2024 से 14 मार्च 2023 तक खेला जाएगा। कुल 38 टीमें पांच ग्रुप में विभाजित रहेंगी। जिसमें एलिट ग्रुप में आठ टीमें और प्लेट ग्रुप में छह टीमें रहेंगी। जो टीमें एलिट ग्रुप का हिस्सा रहेंगी वो सात लीग स्टेज मैच खेलेगी। और हर ग्रुप में से दो टीमें क्वार्टर-फाइनल के लिए क्वालिफाई करेगी। प्लेट ग्रुप में शामिल छह टीमें पांच लीग स्टेज मैच खेलेगी। टॉप-4 में जगह बनाने वाली टीम सेमीफाइनल में प्रवेश करते हुए नजर आएगी।

महिला घरेलू सत्र का ऐसा है शेड्यूल

भारतीय महिला घरेलू क्रिकेट सीजन सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी से शुरू होगा। जो 19 अक्टूबर 2023 से लेकर 9 नवंबर 2023 तक खेला जाएगा। जिसके बाद सीनियर महिला इंटर जोनल ट्रॉफी 24 नवंबर 2023 से 4 दिसंबर 2023 तक खेला जाएगा। सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी 4 जनवरी 2024 से 26 जनवरी 2024  तक खेला जाएगा।

close whatsapp