जब धोनी ने आकाश चोपड़ा को कहा- मैं गेंदबाजी करूंगा, आपको नहीं बल्लेबाजी करना तो.... - क्रिकट्रैकर हिंदी

जब धोनी ने आकाश चोपड़ा को कहा- मैं गेंदबाजी करूंगा, आपको नहीं बल्लेबाजी करना तो….

एमएस धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2007 टी-20 वर्ल्ड कप, 2011 वनडे वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की थी।

MS Dhoni and Aakash Chopra
MS Dhoni and Aakash Chopra. (Photo Source: Twitter)

चेन्नई सुपर किंग्स ने अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने अभी तक इस सीजन में तीन मुकाबले खेले हैं जिसमें से दो में उन्होंने जीत दर्ज की है जबकि एक में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। चेन्नई सुपर किंग्स को अपने पहले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ करारी शिकस्त मिली थी।

दूसरे मैच में उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स को 12 रनों से मात दी जबकि 8 अप्रैल को खेले गए अपने तीसरे मैच में उन्होंने मुंबई इंडियंस को हराया। बता दें, चेन्नई सुपर किंग्स का पिछला सत्र इतना अच्छा नहीं गया था। उन्होंने 14 मुकाबलों में सिर्फ 4 में जीत दर्ज की थी। अभी तक CSK ने 4 बार इस IPL ट्रॉफी को अपने नाम किया है। इस बार भी टीम यही चाहेगी कि वो एक और बार इस कप को अपने नाम करें।

महेंद्र सिंह धोनी की बात की जाए तो उन्हें दुनिया के बेहतरीन कप्तानों में गिना जाता है। धोनी ने सिर्फ चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ही नहीं बल्कि भारतीय टीम के लिए भी काफी सफल कप्तानी की है। धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2007 टी-20 वर्ल्ड कप, 2011 वनडे वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की थी। हाल ही में भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने अपनी और धोनी की मुलाकात के बारे में खुलासा किया। उन्होंने बताया यह बात तब की है जब धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना डेब्यू भी नहीं किया था।

अकाश चोपड़ा ने महेंद्र सिंह धोनी को लेकर किया बड़ा खुलासा

आकाश चोपड़ा ने जिओसिनेमा में बताया कि, ‘उस समय दिनेश कार्तिक हमारी टीम में थे और महेंद्र सिंह धोनी भी। कार्तिक हमारे पहले विकेटकीपर थे और महेंद्र सिंह धोनी बाहर बैठे हुए थे। हम लोग जिंबाब्वे में थे। धोनी कार्तिक को नेट्स में गेंदबाजी कर रहे थे। धोनी मेरे रूममेट थे और तब तक मैं भारत के लिए खेल चुका था। मैंने उनसे कहा कि, ‘आप उनके प्रतिद्वंदी हैं, इसलिए उनको गेंदबाजी ना करें। अगर गेंदबाजी कर भी रहे हैं तो थोड़ी बल्लेबाजी भी करें।’

इस पर धोनी ने जवाब दिया कि, ‘देखिए आकाश भाई, मैं गेंदबाजी करूंगा क्योंकि मुझे वो करना पसंद है। अगर आपको बल्लेबाजी करनी है तो आप वो भी कर सकते हैं। प्लीज मुझे यह ना बताएं कि मैं गेंदबाजी ना करूं।’

आकाश चोपड़ा ने आगे कहा कि, ‘कार्तिक इंग्लैंड दौरे के लिए चयनित हो गए। हम केन्या गए और धोनी को खेलने का मौका मिला। इसके बाद की बात हम सबको पता है। धोनी ने बहुत सारे छक्के मारे और उनकी बल्लेबाजी को देख सब हैरान रह गए।’

close whatsapp