BCCI एपेक्स काउंसिल मीटिंग का हुआ आयोजन, भारतीय क्रिकेट के भविष्य को लेकर कई चीजों पर हुई बातचीत
जो भी खिलाड़ी खेल के तीनों प्रारूपों में शामिल हैं वो ए+ कैटेगरी में शामिल होंगे जबकि दिग्गज खिलाड़ी जो सिर्फ लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट खेल रहे हैं वो ए कैटेगरी में शामिल किए जाएंगे।
अद्यतन - दिसम्बर 22, 2022 1:07 अपराह्न

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन के बाद BCCI एपेक्स काउंसिल मीटिंग का आयोजन किया गया। ऐसी खबरें सामने आ रही थी कि इस मीटिंग में भारतीय टीम के भविष्य को लेकर काफी बातचीत की जाएगी लेकिन फिलहाल दिग्गज खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर कुछ भी बातचीत नहीं हुई है। फिलहाल काउंसिल चयन समिति के नियुक्त होने का इंतजार कर रही है और उसके बाद वो रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ के लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट के भविष्य को लेकर आपस में बातचीत करेगी।
स्पोर्ट्सस्टार की रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड के सदस्यों ने अपने दो प्रमुख प्रायोजकों- बायजूस और MPL स्पोर्ट्स की स्थिति पर चर्चा की। बोर्ड ने एड-टेक कंपनी को मार्च 2023 तक जारी रखने के लिए कहा है जबकि MPL स्पोर्ट्स फैशन ब्रांड KKCL को अपने अधिकार सौंपेगी।
वहीं दूसरी ओर भारतीय टीम के शानदार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को केंद्रीय अनुबंध में भारी प्रमोशन मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पांड्या इस समय ग्रुप सी में है और अब इस शानदार ऑलराउंडर को ग्रुप ए में प्रमोट किया जा सकता है। उनके साथ सूर्यकुमार यादव भी इस लिस्ट में शामिल है। युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को भी प्रमोशन मिल सकता है।
जो भी खिलाड़ी खेल के तीनों प्रारूपों में शामिल हैं वो ए+ कैटेगरी में शामिल होंगे जबकि दिग्गज खिलाड़ी जो सिर्फ लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट खेल रहे हैं वो ए कैटेगरी में शामिल किए जाएंगे। बाकी टेस्ट और लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट के खिलाड़ी बी कैटेगरी में शुमार किए जाएंगे और इमर्जिंग खिलाड़ी BCCI के नए केंद्रीय अनुबंध के मुताबिक सी कैटेगरी में शामिल होंगे।
BCCI एपेक्स काउंसिल मीटिंग में और भी मुख्य फैसलों पर हुई बातचीत
BCCI ने बुधवार को पुष्टि की कि वी जयदेवन को एकमुश्त भुगतान किया जाएगा, जिनके बारिश के नियम का फॉर्मूला भारत के घरेलू क्रिकेट में एक उजाला लेकर आया है। BCCI इसका एक दशक से इस्तेमाल कर रही है और अब जयदेवन की इस मेहनत पर उन्हें इनाम दिया जाएगा।
वहीं भारतीय टीम के भविष्य को लेकर भी काफी कुछ बदलाव किया जाएगा। तमाम खिलाड़ियों को अपने बेहतरीन प्रदर्शन दिखाने का इनाम भी मिलेगा और नए टूर्नामेंटों का आयोजन भी किया जाएगा।