आईपीएल 2023: इस बार भारत नहीं विदेश में होगा मिनी ऑक्शन! - क्रिकट्रैकर हिंदी

आईपीएल 2023: इस बार भारत नहीं विदेश में होगा मिनी ऑक्शन!

पिछले सत्र में ऑक्शन पर्स 90 करोड़ था और इस बार यह बढ़कर 95 करोड़ हो गया है।

ipl trophy (source-twitter)
ipl trophy (source-twitter)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) आगामी IPL 2023 की नीलामी अपने देश की जगह विदेश में आयोजित कर सकता है। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक नियमित वेन्यू बैंगलोर भी एक विकल्प है लेकिन बोर्ड इस बार तुर्की में IPL नीलामी करवाने पर विचार कर रहा है।

पिछले कुछ समय में BCCI ने काफी बदलाव किए हैं। बृजेश पटेल के बाद अब अरुण सिंह धूमल को IPL का नया चेयरमैन बनाया गया है। यही नहीं सौरव गांगुली को फिर से BCCI अध्यक्ष ना चुनकर 1983 वर्ल्ड कप विजेता रॉजर बिन्नी को इस पद की कमान सौंपी गई है। जय शाह ने BCCI सचिव के रूप में अपना पद रिटेन किया है।

तुर्की में हो सकता है IPL 2023 का मिनी ऑक्शन

वायकॉम के रूप में IPL को एक नया ब्रॉडकास्टर मिला है। इस साल जून में ई-नीलामी के जरिए स्टार इंडिया को 23,575 करोड़ रुपए में टीवी राइट्स मिले थे। वहीं दूसरी ओर वायकॉम ने भारतीय उपमहाद्वीप के लिए 23,758 करोड़ रुपए में डिजिटल अधिकार हासिल किए थे। वायकॉम और टाइम्स इंटरनेट लिमिटेड ने दुनिया के बाकी राइट्स को मिलाकर 1,057 करोड़ रुपए में हासिल किया है।

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक BCCI तमाम फ्रेंचाइजियों से इस चीज को लेकर बातचीत कर रही है कि इस बार का ऑक्शन विदेश (तुर्की) में किया जाए और अनुमान यही लगाया जा रहा है कि इस साल के दिसंबर में यह आयोजित किया जाएगा। बता दें, पिछले साल मेगा ऑक्शन आयोजित किया गया था इसलिए इस बार मिनी ऑक्शन रखा गया है। पिछले सत्र में ऑक्शन पर्स 90 करोड़ था और इस बार इसको बढ़ाकर 95 करोड़ कर दिया गया है।

इस बीच BCCI के पूर्व प्रमुख सौरव गांगुली ने बोर्ड से हटाए जाने के बाद बंगाल क्रिकेट संघ (BCA) के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी।लेकिन हाल ही में वह इस दौड़ से पीछे हट गए और अपने बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली को अध्यक्ष पद पर बने रहने के लिए कहा है।

close whatsapp