इंग्लैंड की टेस्ट कप्तानी छोड़ने के बाद जो रूट के लिए बेन स्टोक्स ने साझा किया भावुक पोस्ट
जो रूट पांच सालों से इंग्लैंड क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान की भूमिका निभा रहे थे।
अद्यतन - Apr 15, 2022 6:35 pm

दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने 15 अप्रैल को तत्काल प्रभाव से इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान के पद से इस्तीफा दे दिया है। जो रूट पांच सालों से इंग्लैंड क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान की भूमिका निभा रहे थे। उन्होंने इंग्लैंड के किसी भी अन्य कप्तान की तुलना में सबसे अधिक टेस्ट मैचों (64) में बतौर कप्तान जीत (27) और हार (26) दोनों दर्ज की है।
लेकिन इंग्लैंड टीम ने अपने पिछले 17 टेस्ट मैचों में केवल एक मैच ही जीत पाई है, जिसके बावजूद जो रूट टेस्ट कप्तान बने रहना चाहते थे, लेकिन वेस्टइंडीज में एक और टेस्ट सीरीज में हार के बाद लोगो के दबाव और आलोचना ने उन पर मानसिक तौर पर अटैक कर दिया और उन्होंने कप्तानी से इस्तीफा दे दिया।
जो रूट का इस्तीफा अंग्रेजी क्रिकेट में भारी उथल-पुथल के समय आया है, क्योंकि इंग्लैंड पुरुष क्रिकेट टीम के पास फिलहाल कोई पूर्णकालिक प्रबंध निदेशक, मुख्य कोच, चयनकर्ता और अब टेस्ट कप्तान भी नहीं है। हालांकि, रूट इंग्लैंड के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। वैसे, जो रूट का इस्तीफा ज्यादा चौंकाने वाला नहीं है, क्योंकि इंग्लैंड टीम के लगातार निराशाजनक प्रदर्शन को देखते हुए इसकी पहले से ही उम्मीद की जा रही थी।
बेन स्टोक्स ने जो रूट के लिया साझा किया भावुक संदेश
इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज के टेस्ट कप्तानी छोड़ने के कुछ ही घंटों बाद, जो रूट के साथी और अच्छे दोस्त बेन स्टोक्स ने मैदान पर टीम का शानदार तरीके से नेतृत्व करने के लिए उनका धन्यवाद किया। साथ ही बेन स्टोक्स ने 2019 वर्ल्ड कप विजेता टीम के अपने साथी को उनके बलिदान और कड़ी मेहनत के लिए भी सराहना की।
बेन स्टोक्स ने इंस्टाग्राम पर जो रूट के साथ अपनी कुछ तस्वीरें साझा करते हुए एक भावुक विदाई पोस्ट साझा की है। स्टार ऑलराउंडर ने लिखा: “मेरे दोस्त आपके साथ बहुत अच्छा सफर रहा। मेरे एक महान साथी को मैदान पर टीम का नेतृत्व करते हुए देखना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी। आपने इंग्लिश क्रिकेट को सब कुछ दिया है, और हम सब आपके बलिदान और कड़ी मेहनत के लिए धन्यवाद कहना चाहते हैं।”