ब्रेंडन मैकुलम की कोचिंग स्टाइल से बेहद प्रभावित हैं बेन स्टोक्स
बेन स्टोक्स ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम पर ब्रेंडन मैकुलम के प्रभाव के बारे में बात की।
अद्यतन - जून 2, 2022 12:28 अपराह्न

इंग्लैंड नए टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स और मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम के नेतृत्व में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने घरेलू अभियान की शुरूआत के लिए पूरी तरह तैयार है। इंग्लैंड क्रिकेट टीम तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम की मेजबानी करने जा रही है। इस बहु-प्रतीक्षित टेस्ट सीरीज का आगाज लॉर्ड्स में 2 जून से होने जा रहा है, और फैंस नए कप्तान बेन स्टोक्स और कोच ब्रेंडन मैकुलम की जुगलबंदी देखने के लिए बेताब हैं।
बतौर कप्तान अपने कार्यकाल की शुरूआत करने से पहले बेन स्टोक्स ने इंग्लैंड के नए मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम, जिनके पास अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोचिंग का कोई अनुभव नहीं हैं, को लेकर अपने विचार साझा किए और बताया अब तक उनकी टीम पर कीवी लीजेंड का प्रभाव कैसा रहा।
बेन स्टोक्स ने ब्रेंडन मैकुलम की तारीफों के बांधे पुल
ब्रेंडन मैकुलम के इंग्लैंड क्रिकेट टीम पर प्रभाव के बारे में बात करते हुए, बेन स्टोक्स ने कहा कि नए कोच के कोचिंग के तरीके खिलाड़ियों को उनके तकनीकी कौशल को बदलने पर जोर नहीं देते, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। कप्तान ने कहा मैकुलम की मौजूदगी मात्र से ही खिलाड़ियों का कद बढ़ गया है।
बेन स्टोक्स ने stuff.co.nz के हवाले से कहा: “हमारे नए कोच ने जिस तरह हमें समझाया, और जिस तरह वह हमें कोचिंग दें रहे हैं, उससे साफ नजर आ रहा है कि उनके पास हमें सिखाने और इंग्लैंड क्रिकेट को देने के लिए बहुत कुछ है। हालांकि, उसने अभी तक एक भी गेंद नहीं फेंकी है, वह उस पर निर्भर करता है, लेकिन अब तक उनके साथ काम करना अच्छा रहा। वह टीम में सभी को बहुत सहज और आत्मविश्वासी महसूस कराते हैं, और उनके शब्दों मात्र से हम सभी खुद को ’10 फीट ऊंचा’ महसूस कर रहे हैं।”
स्टार ऑलराउंडर ने आगे बताया: “मुझे लगता है कि जिस तरह से उन्होंने ड्रेसिंग रूम में बात की, वह चीजों को लेकर बहुत स्पष्ट हैं, और हमारे लिए यह एक शानदार अनुभव रहा, क्योंकि जिस तरह से उन्होंने क्रिकेट खेला और न्यूजीलैंड की कप्तानी की, हमें उनके तरीके से आश्चर्य नहीं हुआ। अब तक उनके साथ काम करके मजा आया।”