स्कॉट बोलैंड या जोश हेजलवुड? ब्रेट ली ने बताया बॉक्सिंग डे टेस्ट में किसे मिलना चाहिए मौका
जोश हेजलवुड साइड स्ट्रेन के कारण ऑस्ट्रेलिया के पिछले दो टेस्ट मैचों से चूक गए थे।
अद्यतन - दिसम्बर 22, 2022 2:07 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज ब्रेट ली 26 दिसंबर से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले बॉक्सिंग डे टेस्ट में स्कॉट बोलैंड की जगह जोश हेजलवुड को खेलते हुए देखना चाहते हैं, अगर स्टार तेज गेंदबाज दूसरे टेस्ट मैच के लिए पूरी तरह फिट है।
आपको बता दें, जोश हेजलवुड साइड स्ट्रेन के कारण ऑस्ट्रेलिया के पिछले दो टेस्ट मैचों (एक वेस्टइंडीज और एक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ) से चूक गए थे, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि वह एमसीजी में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए फिटनेस हासिल कर मैदान में लौट सकते हैं।
साइड स्ट्रेन से वापसी करना बहुत मुश्किल होता है: ब्रेट ली
इस बीच, अगर जोश हेजलवुड बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए फिट हो जाते हैं, तो यह ऑस्ट्रेलियाई टीम प्रबंधन के लिए सिरदर्द वाली स्थिति होगी, क्योंकि स्कॉट बोलैंड को जब भी मौका मिला है, उन्होंने हमेशा प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। 33-वर्षीय बोलैंड ने अब तक ऑस्ट्रेलिया के लिए केवल 5 टेस्ट खेले हैं, जहां उन्होंने 10.26 के प्रभावशाली औसत से 25 विकेट लिए हैं, और पिछले साल एमसीजी में इंग्लैंड के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट में अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 6/7 के आंकड़े दर्ज किए थे।
ब्रेट ली ने फॉक्स स्पोर्ट्स के हवाले से कहा मैं स्कॉट बोलैंड को मौका देने के खिलाफ नहीं हूं, लेकिन मैं चाहता हूं कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट में जोश हेजलवुड को मौका मिले अगर वह पूरी तरह से फिट हैं। बोलैंड एक शानदार गेंदबाज है और मजे के लिए विकेट लेते हैं, लेकिन फिर भी अगर मुझे इन दोनों में से किसी एक को चुनने के लिए कहा जाएगा, तो मैं हेजलवुड के साथ जाना चाहूंगा, क्योंकि वह 58 टेस्ट मैचों में 217 विकेट ले चुके हैं।
हालांकि, हेजलवुड को पूरी तरह से फिट होना होगा। सच कहूं तो साइड स्ट्रेन से वापसी करना वाकई बहुत मुश्किल होता है। इस चोट का ऐसा है कि जब आपको लगता है कि आप तैयार हैं, तो आपको खुद को एक और सप्ताह का समय देना होता है। इसलिए मुझे लगता है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया जोश हेजलवुड को दूसरे टेस्ट में आराम दे सकता है, और सिडनी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जाने वाले तीसरे और अंतिम टेस्ट में मौका दें सकता है।