शाहिद अफरीदी ने शोएब अख्तर की तारीफ में कह दी बड़ी बात, पढ़िए पूरी खबर
शोएब अख्तर को रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से भी जाना जाता है।
अद्यतन - मार्च 12, 2022 4:52 अपराह्न

पाकिस्तान क्रिकेट के इतिहास के महानतम दिग्गजों में शुमार शोएब अख्तर और शाहिद अफरीदी ने राष्ट्रीय टीम के लिए एक-साथ बहुत क्रिकेट खेला है। हाल ही में, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने अपने युग के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में से एक शोएब अख्तर की तारीफ में कसीदे पढ़े, जब उन्हें उनके पूर्व साथी को एक शब्द में बयां करने को कहा गया।
शाहिद अफरीदी ने कहा कि शोएब अख्तर का वर्णन एक शब्द में करना मुश्किल है, क्योंकि पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज एक पूरी की पूरी किताब हैं। पूर्व कप्तान ने कहा अख्तर अपने समय के एक मैच विजेता थे और उन्होंने अपने विपक्षी बल्लेबाजों को अपनी घातक गेंदबाजी का बुरी तरह शिकार बनाया।
शोएब अख्तर एक मैच विजेता थे: शाहिद अफरीदी
आपको बता दें, शोएब अख्तर, जिसे रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से जाना जाता है, ने दुनिया में सबसे तेज 161.3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी की है, जो रिकॉर्ड अभी भी नहीं टूटा है। शोएब अख्तर ने 1997 से 2011 की अवधि में पाकिस्तान के लिए 46 टेस्ट, 163 वनडे और 15 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।
शाहिद अफरीदी ने समा टीवी पर एक फैन द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा, “आप एक शब्द में शोएब अख्तर का वर्णन नहीं कर सकते, वह एक पूरी किताब हैं। मैंने कई युगों में खेला है, मैंने कई तेज गेंदबाजों को देखा है, लेकिन शोएब अख्तर की ताकत, उनकी बहादुरी ने बल्लेबाजों की हिम्मत को जिस तरह झकझोर किया, दबाव में डाला, वैसे किसी को करते नही देखा।”
उन्होंने अंत में कहा, “शोएब अख्तर का सामना करते समय बल्लेबाज काफी दबाव में रहते थे। वह एक मैच विजेता थे और उन्होंने पाकिस्तान के लिए बहुत कुछ हासिल किया है।”