आयरलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया के साथ चेतन शर्मा भी करेंगे सफर - क्रिकट्रैकर हिंदी

आयरलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया के साथ चेतन शर्मा भी करेंगे सफर

इस दौरे में टीम की कमान ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को सौंपी गई है, वहीं पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को हेड कोच नियुक्त किया गया है।

Chetan Sharma. (Photo Source: Chetan Sharma/ Twitter)
Chetan Sharma. (Photo Source: Chetan Sharma/ Twitter)

इस महीने के अंत में शुरू होने वाली आयरलैंड बनाम भारत सीरीज के लिए भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और चयन समिति के अध्यक्ष चेतन शर्मा भी टीम के साथ इस दौरे में जाएंगे। बता दें, इन दोनों टीमों के बीच दो टी-20 मुकाबले खेले जाने हैं। ये दोनों मुकाबले 26 और 28 जून को खेले जाएंगे। इस दौरे में टीम की कमान ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को सौंपी गई है, वहीं पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को हेड कोच नियुक्त किया गया है।

चेतन शर्मा ने इंडिया के लिए 1983-1994 तक 23 टेस्ट मुकाबले और 65 वनडे मुकाबले खेले थे। उनको टीम ने 1985 वर्ल्ड कप में भी शामिल किया था जहां उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टूर्नामेंट के इतिहास में पहली हैट्रिक हासिल की थी। वो दिसंबर 2020 में भारत की चयन समिति के अध्यक्ष बने थे। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक सह-चयनकर्ता और पूर्व भारतीय स्पिनर सुनील जोशी भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही टी-20 सीरीज में भारतीय टीम के साथ रहे हैं।

आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम:

IPL 2022 में कई ऐसे बेहतरीन भारतीय खिलाड़ी थे जिन्होंने अपने अद्भुत खेल से अपनी-अपनी टीमों को कई मुकाबलों में जीत दिलाई थी। उन में से कुछ खिलाड़ियों को इस सीरीज में मौका दिया गया है। राहुल त्रिपाठी, सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन इस टीम का हिस्सा हैं। दिग्गज खिलाड़ी जैसे रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी को इस सीरीज में भी आराम दिया गया है और टीम की कमान हार्दिक पांड्या को दी गई है। टीम के उपकप्तान भुवनेश्वर कुमार होंगे।

अर्शदीप सिंह और उमरान मलिक को इस सीरीज में भी मौका दिया गया है। बता दें, इन दोनों युवा तेज गेंदबाजों को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही पांच टी-20 मुकाबलों की सीरीज में भी मौका दिया गया था लेकिन उन्होंने अभी तक अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू नहीं किया है। इनके अलावा तेज गेंदबाज आवेश खान और हर्षल पटेल भी इस टीम में शामिल किए गए हैं।

इस सूची में दीपक हुड्डा और रुतुराज गायकवाड़, ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर और अक्षर पटेल, विकेटकीपर संजू सैमसन, इशान किशन और दिनेश कार्तिक और स्पिनर के रूप में रवि बिश्नोई और युजवेंद्र चहल का नाम जारी किया गया है। इन दोनों टीमों के बीच जून 2018 में भी दो मुकाबलों की सीरीज खेली गई थी जिसमें भारत ने आयरलैंड को 2-0 से हराया था। इस टीम का नेतृत्व विराट कोहली कर रहे थे। दोनों ही टीमें इस सीरीज के लिए बेसब्री से इंतजार कर रही होगी।

close whatsapp