इंग्लैंड में आया चेतेश्वर पुजारा नाम का तूफान, 135.44 के स्ट्राइक रेट से जड़ दिए 107 रन
पुजारा ने एक ओवर में 3 चौके और 1 छक्के की मदद से कुल 22 रन बटोरे।
अद्यतन - Aug 13, 2022 11:25 am

टीम इंडिया के बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने रॉयल लंदन वन-डे कप में वारविकशायर के खिलाफ मैच में एक ओवर में 22 रन बनाकर अपनी बल्लेबाजी से सभी को हैरान कर दिया। शुक्रवार को बर्मिंघम में ससेक्स की पारी के 45वें ओवर में यह अविश्वसनीय घटना हुई। ससेक्स ग्रुप ए मैच में 311 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहा था और भारतीय बल्लेबाज ने टीम की अगुवाई करते हुए वारविकशायर के तेज गेंदबाज लियाम नॉरवेल के एक ही ओवर में 22 रन जड़ दिए।
पुजारा जिन्हें फैंस उनके शानदार डिफेन्स की तकनीक के लिए जानते हैं, उन्होंने उस एक ओवर में 3 चौका और एक छक्का लगाया। इस दौरान उन्होंने विकेट के आगे-पीछे हर जगह शॉट खेले। हालांकि उनकी टीम ससेक्स को इस शानदार प्रदर्शन के बाद भी हार का सामना करना पड़ा। बता दें, रॉयल लंदन वनडे कप चेतेश्वर पुजारा ससेक्स टीम के कप्तान हैं।
यहां देखिए चेतेश्वर पुजारा की बल्लेबाजी का वो वीडियो
4 2 4 2 6 4
TWENTY-TWO off the 47th over from @cheteshwar1. 🔥 pic.twitter.com/jbBOKpgiTI
— Sussex Cricket (@SussexCCC) August 12, 2022
चेतेश्वर पुजारा की ये शानदार पारी बेकार चली गई। वह 49वें ओवर की शुरुआत में 79 गेंदों में 107 रन बनाकर आउट हुए। पुजारा ने 135.44 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और इस दौरान सात चौके और दो छक्के लगाए। 311 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, ससेक्स की टीम 306 रन बना पाई।
कुछ ऐसा रहा मैच का हाल
इससे पहले मैच में वारविकशायर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज रॉब येट्स के 114 और विल रोड्स (76) और माइकल बर्गेस (58) के अर्धशतकों की बदौलत उनकी टीम 50 ओवर में 306 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही।
जवाब में, पुजारा ने शानदार शतक जड़ा जबकि सलामी बल्लेबाज अली ओर ने 81 रन बनाए। वारविकशायर की ओर से क्रुणाल पांड्या ने 51 रन देकर 3 विकेट लिए। जॉर्ज गैरेट द्वारा फेंके गए आखिरी ओवर में ससेक्स को जीत के लिए 12 रनों की जरूरत थी लेकिन उनकी टीम केवल 7 रन ही बना पाई।