लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर कप्तानी करते हुए नजर आएंगे चेतेश्वर पुजारा
भारतीय स्टार बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा इन दिनों शानदार फॉर्म में चल रहे हैं।
अद्यतन - जुलाई 19, 2022 3:48 अपराह्न

लंदन के लॉर्ड्स में मंगलवार (19 जुलाई) से शुरू हो रहे मिडिलसेक्स के खिलाफ मैच से पहले अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को ससेक्स का अंतरिम कप्तान बनाया गया है। पिछले हफ्ते लीसेस्टरशायर के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए नियमित कप्तान टॉम हैन्स के हाथ की हड्डी टूट गई ससेक्स टीम को बड़ा झटका लगा। वह कम से कम पांच से छह सप्ताह के लिए क्रिकेट से दूर रहेंगे। इसलिए उनकी गैरमौजूदगी में पुजारा को कप्तान बनाया गया है।
मुख्य कोच इयान सैलिसबरी को भरोसा है कि बतौर कप्तान पुजारा शानदार काम करेंगे, क्योंकि उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का काफी ज्यादा अनुभव है। मंगलवार को ससेक्स द्वारा जारी एक बयान में, सैलिसबरी ने कहा कि, “पुजार टॉम की अनुपस्थिति में कदम बढ़ाने के लिए बहुत उत्सुक था। जब से पुजारा टीम से जुड़े हैं, वो टीम के लिए एक स्वाभाविक लीडर हैं। वो बेहद अनुभवी व्यक्ति हैं और शानदार काम करेंगे।”
संयोग से, तेज गेंदबाज स्टीवन फिन ने होव में लीसेस्टरशायर के खिलाफ टीम का नेतृत्व किया, जब हैन्स चोट के कारण मैच के बीच में मैदान से बाहर चले गए। ससेक्स, जो वर्तमान में काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन-2 की अंक तालिका में नौवें स्थान पर है, वो पुजारा के नेतृत्व में बेहतर प्रदर्शन करके पॉइंट्स टेबल में आगे आने की कोशिश करेगा।
मौजूदा काउंटी सीजन में चेतेश्वर पुजारा ने किया है शानदार प्रदर्शन
पुजारा इस काउंटी सीजन में शानदार फॉर्म में हैं और काफी आसानी से रन बना रहे हैं। उन्होंने छह मैचों में लगभग 110 के शानदार औसत से 766 रन बनाए हैं। 34 वर्षीय पुजारा इस सीजन पहले ही चार शतक बना चुके हैं, जिसमें दोहरा शतक भी शामिल है।
चेतेश्वर पुजारा इस काउंटी सीजन में शान मसूद (1074) और वेन मैडसेन (875) के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। पुनर्निर्धारित पांचवें टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ खराब प्रदर्शन करने वाले चेतेश्वर पुजारा मिडिलसेक्स के खिलाफ वापसी करके ससेक्स की अगुवाई करेंगे।