विराट कोहली के कारण रिटायरमेंट में देरी करेंगे जेम्स एंडरसन!
जेम्स एंडरसन टेस्ट क्रिकेट के इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज है।
अद्यतन - Jul 19, 2022 3:13 pm

इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने भविष्य के बारे में बात की और साथ ही बताया कि वह भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली के खिलाफ दोबारा गेंदबाजी करना चाहते है।
आपको बता दें, जेम्स एंडरसन इस महीने की शुरुआत में भारत के खिलाफ खेले गए पुनर्निर्धारित पांचवें टेस्ट मैच में इंग्लैंड के लिए आखिरी बार एक्शन में नजर आए थे। बर्मिंघम में उन्होंने पहली पारी में पांच विकेट लिए और दूसरी पारी में एक विकेट लेकर इंग्लैंड क्रिकेट टीम को पुनर्निर्धारित टेस्ट मैच में टीम इंडिया के खिलाफ सात विकेट की जीत दर्ज करने में मदद की और इस मैच के बाद दोनों टीमों के बीच सीरीज 2-2 से साझा की गई।
विराट कोहली का पीछा जल्दी नहीं छोड़ने वाले हैं जेम्स एंडरसन
जेम्स एंडरसन ने कहा कि वह फिर से विराट कोहली के खिलाफ गेंदबाजी करना पसंद करेंगे, हालांकि वह इसे लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं। उन्होंने आगे कहा कि वह स्टार भारतीय बल्लेबाज का फिर से सामना करने के लिए अगले दौरे तक संन्यास को रोक सकते हैं। एंडरसन और कोहली के बीच मैदान पर फैंस को कुछ भयंकर लड़ाई देखने को मिली, और इंग्लैंड के दिग्गज ने पूर्व भारतीय कप्तान को अब तक सात बार आउट किया है।
जेम्स एंडरसन ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के शो ‘एक्स्ट्रा इनिंग्स‘ पर कहा: “मैं ये नहीं जानता कि यह मुमकिन होने वाला है या नहीं, लेकिन फिर भी मैं विराट कोहली के खिलाफ फिर से गेंदबाजी करना चाहता हूं। मुझे विराट के साथ मैदानी लड़ाई लड़ने में मजा आता है, इसलिए शायद मैं अपने संन्यास को अगले दौरे तक रोकना चाहूंगा।”
आपको बता दें, भारत के हालिया इंग्लैंड दौरे के दौरान, विराट कोहली को टेस्ट क्रिकेट में तीसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज एंडरसन द्वारा दो बार आउट किया गया। अगले आईसीसी फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (एफटीपी) के अंतिम मसौदे के अनुसार, भारत 2024 की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज खेलेगी।