IND vs NZ: भारत सरकार और BCCI से नाखुश है राज भवन, छत्तीसगढ़ की राज्यपाल ने भी राष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड की जमकर आलोचना की - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs NZ: भारत सरकार और BCCI से नाखुश है राज भवन, छत्तीसगढ़ की राज्यपाल ने भी राष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड की जमकर आलोचना की

आमंत्रित लोगों में राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित उनके मंत्री और विधानसभा के सदस्य (MLAs) भी शामिल थे।

IND vs NZ (Pic Source-Twitter)
IND vs NZ (Pic Source-Twitter)

छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके ने 21 जनवरी को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा चुके भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे वनडे मैच को देखने के लिए निमंत्रण नहीं भेजने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की जमकर आलोचना की है। TOI की रिपोर्ट्स की मानें तो राजभवन इस मौके पर नजरअंदाज किए जाने से निराश है और वो भारत सरकार और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराना चाहता है।

बता दें, राज्य के मशहूर राजनेताओं को हाल ही में समाप्त हुए दूसरे वनडे मैच को देखने के लिए आमंत्रित किया गया था। इस मैच को मेजबान ने 8 विकेट्स से अपने नाम किया। आमंत्रित लोगों में राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित उनके मंत्री और विधानसभा के सदस्य (MLAs) भी शामिल थे। उनके अलावा छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश भी इस मुकाबले का लुफ्त उठाने आए थे।

राज भवन के प्रवक्ता ने कही अपनी बात

राज भवन के प्रवक्ता ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि, ‘हम जल्द ही इसके लिए भारत सरकार के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के साथ अपनी आपत्ति दर्ज कराएंगे।’

वहीं राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि राजभवन को आमंत्रित सूची में शामिल नहीं करने के लिए वह किसी भी तरह से जिम्मेदार नहीं है। सरकार की मानें तो यह BCCI के ऊपर है कि वो किसको मुकाबला देखने के लिए आमंत्रित करती है। ऐसा इसलिए क्योंकि सभी मुकाबले राष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के अंतर्गत ही खेले जाते हैं।

TOI के मुताबिक राज्य सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि, ‘राज्य सरकार ने केवल आयोजकों को स्टेडियम और सुरक्षा प्रदान की। इस मुकाबले ने छत्तीसगढ़ को वर्ल्ड मैप पर ला दिया है।’

बता दें, भारत ने पहला मुकाबला 12 रन से अपने नाम किया था जबकि दूसरे मुकाबले को उन्होंने 8 विकेट से जीता था। इन दोनों टीमों के बीच तीसरा और अंतिम मुकाबला 24 जनवरी को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा।

close whatsapp