IPL 2023: RCB ने MI को दी जबरदस्त मात, क्रिस गेल ने इस जीत को लेकर रखा अपना पक्ष
2 अप्रैल को इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी।
अद्यतन - अप्रैल 3, 2023 3:45 अपराह्न

2 अप्रैल को इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। दोनों ही टीमों ने इस मैच में काफी अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन RCB ने अंत में इसमें जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 171 रन बनाए। टीम की ओर से तिलक वर्मा ने 46 गेंदों में 9 चौके और चार छक्कों की मदद से 84 रन की नाबाद बहुमूल्य पारी खेली। जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने इस लक्ष्य को 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
उन्होंने 16.2 ओवर में 172 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 43 गेंदों में पांच चौके और 6 छक्कों की मदद से 73 रन की पारी खेली जबकि अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने 49 गेंदों में छह चौके और 5 छक्कों की मदद से 82 रनों की नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली।
हमें पता है कि फाफ डु प्लेसिस काफी क्लासी खिलाड़ी हैं: क्रिस गेल
इन दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर RCB के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने इन दोनों बल्लेबाजों की जमकर तारीफ की। जिओसिनेमा के मुताबिक क्रिस गेल ने कहा कि, ‘हमें पता है कि फाफ डु प्लेसिस काफी क्लासी खिलाड़ी हैं। वो शानदार कप्तान हैं और बेहतरीन खिलाड़ी भी। उन्होंने इतने सालों तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी ऐसी बल्लेबाजी की है तो यह फाफ के लिए कोई नई बात नहीं है।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘एक बात मैं आपको बता सकता हूं कि विराट और फाफ को एक दूसरे के साथ खेलने में काफी अच्छा लगता है और दोनों सच में काफी अच्छे खिलाड़ी हैं। वो दोनों एक दूसरे को काफी अच्छी तरह से समझते हैं। आप देख सकते हैं कि उन्होंने इस पारी की कैसी शुरुआत की। उन्होंने 1 और 2 रन भी आराम से भागे। तीसरे ओवर के बाद उन्होंने कड़ा प्रहार करना शुरू कर दिया। बाकी टीमों के लिए यह दोनों बल्लेबाज काफी परेशानी खड़ी कर सकते हैं।’
मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी काफी कमजोर दिख रही थी: सुरेश रैना
RCB बनाम MI मुकाबला को लेकर भारत के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना ने भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी काफी कमजोर लग रही थी और इसका फायदा RCB ने काफी अच्छी तरह से उठाया।
सुरेश रैना ने कहा कि, ‘जिस तरीके से RCB ने 16 ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया इससे उनका रन रेट भी काफी अच्छा हो गया और यह टूर्नामेंट में उनको बाद में काफी हेल्प करेगा। मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी सच में काफी कमजोर लग रही थी। ऐसा लग रहा था कि 1 विकेट भी इस मैच में नहीं गिरेगा।’