‘उन्हें सिर्फ अपने रिकॉर्ड की चिंता है..’- विराट कोहली की पारी पर साइमन डॉल का हैरान कर देने वाला बयान
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ विराट कोहली ने 44 गेंदो में 61 रनों की पारी खेली।
अद्यतन - Apr 11, 2023 2:30 pm

आईपीएल 2023 का 15वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेला गया। इस मैच में बैंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए फाफ डु प्लेसिस, विराट कोहली और ग्लेन मैक्सवेल की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर 212 रन बोर्ड पर लगाए थे। लेकिन टीम को लखनऊ से मात्र एक विकेट से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी।
विराट कोहली और फाफ डु प्लेसिस ने चिन्नास्वामी के मैदान में एक बार फिर टीम को शानदार शुरूआत दिलाई थी। दोनों की जोड़ी ने पावरप्ले में बिना कोई विकेट गंवाए 56 रन बना लिए थे। विराट कोहली ने लखनऊ के खिलाफ अर्धशतकीय पारी जरूर खेली। लेकिन क्रिकेट कॉमेन्टेटर साइमन डॉल ने विराट कोहली के स्ट्राइक रेट को लेकर बड़ा बयान दिया है।
विराट कोहली की पारी पर साइमन डॉल ने कही बड़ी बात
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ विराट कोहली ने पहले 25 गेंदो में 42 रन बनाए थे। लेकिन फिर 19 गेंदो में वह मात्र 19 रन ही बना पाए। विराट कोहली ने 138.64 के स्ट्राइक रेट से 44 गेंदो में 61 रनों की पारी खेली। इसी को लेकर साइमन डॉल ने विराट कोहली पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि, कोहली को केवल अपने माइलस्टोन की चिंता थी जिसके चलते उन्होंने लखनऊ के खिलाफ अलग अप्रोच से बल्लेबाजी की।
साइमन डॉल ने कहा, ‘कोहली ने शुरूआत ट्रेन की तरह की थी। बहुत सारे शॉट खेल रहे थे। लेकिन फिर 42 से 50 तक आने के लिए उन्होंने दस गेंदे खेली। मुझे लगता है वह माइलस्टोन को लेकर चिंतित थे। मुझे नहीं लगता अब इस खेल में इसके लिए जगह है। आपको बस चलते रहना है खासकर उस समय जब आपके हाथ में विकेट हैं।’
आपको बता दें ऐसा पहली बार नहीं है जब साइमन डॉल ने खिलाड़ियों के स्ट्राइक रेट पर सवाल उठाए हैं। इससे पहले साइमन डॉल पाकिस्तान सुपर लीग में बाबर आजम के स्ट्राइक रेट पर सवाल उठाते हुए नजर आए थे।
बैंगलोर ने आईपीएल 2023 के पहले मुकाबले में 8 विकेट से शानदार जीत हासिल की थी। लेकिन टीम को फिर दूसरे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स से 81 रनों और तीसरे मुकाबले में लखनऊ से एक विकेट से हार झेलनी पड़ी। टीम का अगला मुकाबला 15 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होगा। टीम इस मुकाबले में शानदार वापसी करना चाहेगी।