CSK vs LSG: बाप रे बाप, ऋतुराज गायकवाड़ के इस शॉट की वजह से कार पर पड़ गया डेंट, तमाम दर्शक भी रह गए हैरान
ऋतुराज गायकवाड़ ने अपनी पारी के दौरान एक गगनचुंबी छक्का जड़ा जो सीधे स्पॉन्सरशिप कार पर जा लगा और उस कार में एक डेंट भी आ गया।
अद्यतन - अप्रैल 3, 2023 10:06 अपराह्न

इस समय चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 6वां मुकाबला खेला जा रहा है। इस महत्वपूर्ण मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से ऋतुराज गायकवाड़ ने फिर से बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में तीन चौके और 4 छक्कों की मदद से 57 रन की विस्फोटक पारी खेली।
ऋतुराज गायकवाड़ ने अपनी पारी के दौरान एक गगनचुंबी छक्का जड़ा जो सीधे स्पॉन्सरशिप कार पर जा लगा और उस कार में एक डेंट भी आ गया।
ये रही उस कार की तस्वीर:
Sponsorship car dented by Ruturaj. #CSKvsLSG pic.twitter.com/CUCIEap2EG
— Himanshu Pareek (@Sports_Himanshu) April 3, 2023
बता दें, यह ऋतुराज गायकवाड़ का IPL 2023 में लगातार दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के पहले मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों में 4 चौके और 9 छक्कों की मदद से 92 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। हालांकि वो मैच सीएसके अपने नाम नहीं कर पाई थी।
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले की बात की जाए तो ऋतुराज गायकवाड़ के अलावा डेवॉन कॉनवे ने भी धमाकेदार पारी खेली और 29 गेंदों में 5 चौके और दो छक्कों की मदद से 47 रन बनाए। इन दोनों ही बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 9.1 ओवर में 110 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 217 रन बनाए हैं।
टीम की ओर से शिवम दूबे ने 16 गेंदों में 1 चौके और तीन छक्कों की मदद से 27 रन का योगदान दिया जबकि अंबाती रायडू ने 14 गेंदों में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 27 रन की नाबाद बहुमूल्य पारी खेली। मोईन अली ने 19 रन बनाए।
LSG की ओर से मार्क वुड ने 4 ओवर में 49 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि रवि बिश्नोई ने भी घातक गेंदबाज़ी की और 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। आवेश खान ने एक विकेट हासिल किया। लखनऊ सुपर जायंट्स को जीतने के लिए 20 ओवर में 218 रन बनाने हैं।