CWC 2023: इस वर्ल्ड कप में मोहम्मद शमी और अश्विन को अब नहीं मिलेगा मौका! पूर्व मुख्य चयनकर्ता ने दिया चौंकाने वाला बयान
एमएसके प्रसाद ने बताया आखिर क्यों कुलदीप यादव की जगह आश्विन को नहीं खिलाया जा सकता है?
अद्यतन - Oct 19, 2023 5:01 pm

भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कहा है कि वर्तमान प्लेइंग 11 के साथ टीम इंडिया अच्छी तरह से सेट हो गई है और उन्हें जारी आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में इसमें बदलाव करने की जरूरत नहीं है। एमएसके प्रसाद ने आगे कहा भारत की इस प्लेइंग इलेवन में रविचंद्रन अश्विन और मोहम्मद शमी के लिए जगह नहीं है और वे टीम प्रबंधन के इस फैसले को अच्छे से समझते हैं।
एमएसके प्रसाद ने हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से कहा भारतीय क्रिकेट टीम प्रबंधन जो कर रहा है, वो बिल्कुल सही है। अगर विकेट स्पिनरों के लिए अनुकूल हैं, तो अश्विन को खिलाना बेहतरीन विकल्प है, लेकिन अगर यह एक सपाट डेक है, तो फिर शार्दुल ठाकुर टीम को गेंद और बल्ले दोनों के साथ शानदार विकल्प ऑफर करता है। और फिर बल्लेबाजी ट्रैक और छोटी सीमाओं पर, फिंगर स्पिनर की तुलना में एक अतिरिक्त सीमर रनों के बहाव को रोकने में मदद करेगा।
क्या Mohammad Shami इस वर्ल्ड कप में खेलेंगे?
जहां तक मोहम्मद शमी की बात है, तो मुझे लगता है कि वह इस वर्ल्ड कप 2023 में तभी खेलेंगे जब टीम प्रबंधन को लगेगा कि उन्हें मोहम्मद सिराज या जसप्रीत बुमराह में से किसी एक को आराम देने की जरूरत है। टीम इस कॉम्बिनेशन के साथ बहुत अच्छे से सेट हो गई हैं। यहां तक कि अश्विन भी टीम प्रबंधन के फैसले से सहमत होंगे। क्या हमें वर्ल्ड कप जीतना है या फिर हमें प्रतिष्ठा के अनुसार टीम चुनना है?
यहां पढ़िए: अक्टूबर 19- Evening न्यूज हेडलाइंस: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
अगर हम प्रतिष्ठा के हिसाब से देखें तो सिराज को नहीं खेलना चाहिए, मोहम्मद शमी को खेलना चाहिए। इस टीम में सभी में आपसी समझ बहुत अच्छी है, और वे सभी इस संयोजन से खुश हैं। हालांकि, एक फैन के नजरिए से मुझे शमी को बाहर बैठा देखकर दुख होता है, लेकिन अगर मैं कप्तान के नजरिए से सोचूं, तो रोहित शर्मा जो फैसले ले रहे हैं वे शानदार हैं। वे नाम और प्रतिष्ठा के हिसाब से टीम नहीं चुन रहे हैं।
‘कुलदीप यादव की जगह प्लेइंग इलेवन में पक्की है’
वे विरोधी, मैदान और परिस्थितियों के हिसाब से सर्वश्रेष्ठ टीम मैदान में उतारकर टूर्नामेंट जीतना चाहते हैं। मोहम्मद शमी एक बेहद शानदार गेंदबाज है, लेकिन इस समय मोहम्मद सिराज के पास वनडे क्रिकेट में पिछले 15 महीनों में सबसे अधिक पावरप्ले विकेट हैं और फिर जसप्रीत बुमराह सभी से मीलों आगे हैं। इसलिए, यदि भारत दो तेज गेंदबाजों को उतारना चाहता है और हार्दिक पंड्या तीसरे सीमर हैं, तो सिराज और बुमराह को हमेशा शमी से पहले चुना जाएगा।
शमी, सिराज और बुमराह को एक ही प्लेइंग XI में खिलाने का विचार रोमांटिक है लेकिन प्रैक्टिकल नहीं है। इसके अलावा, कुलदीप यादव की जगह अश्विन को आठवें नंबर पर और तीन तेज गेंदबाजों को खिलाना भी संभव नहीं है। कुलदीप यादव ने बीच के ओवरों में पिछले कुछ समय में भारत के लिए सबसे अधिक विकेट लिए हैं और वह इस साल वनडे में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में दिखाया है कि वह सपाट डेक पर भी क्या कर सकते हैं।