CWC 2023, Match 29, IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ सामने आई भारत की प्लेइंग इलेवन, KL Rahul ने इस स्टार को मौका देने का किया खुलासा
क्या शार्दुल ठाकुर और रविचंद्रन अश्विन को इंग्लैंड के खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा?
अद्यतन - अक्टूबर 29, 2023 8:27 पूर्वाह्न

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) ने आज 29 अक्टूबर को इंग्लैंड के खिलाफ लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 मैच के लिए प्लेइंग इलेवन को लेकर बड़े संकेत दिए हैं।
केएल राहुल ने कहा स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का चोटिल होना टीम इंडिया के लिए निराशाजनक है, और वह इंग्लैंड के खिलाफ नहीं खेलेंगे। राहुल ने आगे यह भी पुष्टि की है कि जब तक हार्दिक पांड्या चयन के लिए उपलब्ध नहीं होते, सूर्यकुमार यादव को भारत की प्लेइंग इलेवन में चुना जाएगा।
इंग्लैंड के खिलाफ खेलेंगे सूर्यकुमार यादव: KL Rahul
भारत के स्टार विकेटकीपर के बयान से पुष्टि होती है कि सूर्यकुमार यादव आज इंग्लैंड के खिलाफ लखनऊ में खेलेंगे। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच विजेता प्लेइंग इलेवन को रिटेन करने के भी संकेत दिए। इसका मतलब यह है कि शार्दुल ठाकुर और रविचंद्रन अश्विन को इंग्लैंड के खिलाफ खेलने का मौका नहीं मिलेगा।
केएल राहुल ने लखनऊ में प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हार्दिक पांड्या की कमी भारत को खल रही है। लेकिन जो हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है, और फिलहाल सच यह है कि वह इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं है। शायद सूर्या को इस मैच में भी मौका मिलेगा और हम जानते हैं कि वह क्या कर सकता है। तो, हार्दिक के वापस आने तक हम सूर्या पर भरोसा करना जारी रखेंगे।”
इंग्लैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करना चाहेगी टीम इंडिया: KL Rahul
राहुल ने कहा कि पहले बल्लेबाजी करना भारतीय क्रिकेट टीम के लिए सभी परिस्थितियों के लिए अपनी तैयारियों को परखने की अच्छी चुनौती होगी, क्योंकि उन्होंने अब तक जारी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में अपने सभी पांच मैच चेज करते हुए जीते हैं।
राहुल ने कहा, ” हमने इस पर ज्यादा गौर नहीं किया है। हमें जो भी मौके मिले हैं हमने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन अगर अगले चार मैचों में हमें पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिलता है, तो यह हमारे लिए अच्छा मौका होगा। हमारे लिए यह देखना एक अच्छी चुनौती होगी कि पारी को कैसे गति दी जाए क्योंकि हमें पहले बल्लेबाजी किए हुए काफी समय हो गया है।”