CWC 2023: खतरे में है सचिन तेंदुलकर का आइकॉनिक रिकॉर्ड! रिकी पोंटिंग ने की विराट कोहली को लेकर बड़ी भविष्यवाणी
रिकी पोंटिंग ने कहा विराट कोहली रनों के लिए हमेशा भूखा रहता है।
अद्यतन - Oct 11, 2023 12:41 pm

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान Ricky Ponting ने भारत के बल्लेबाजी सुपरस्टार Virat Kohli को लेकर बड़ी वाली भविष्यवाणी की है। रिकी पोंटिंग ने कहा विराट कोहली जारी आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के दौरान महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।
महान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर रिकी पोंटिंग ने यह भी कहा कि शायद जारी वनडे वर्ल्ड कप 2023 विराट कोहली का आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है। आपको बता दें, कोहली पहले ही 282 ODI मैचों में 47 शतक लगा चुके हैं, और अब उन्हें मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के लंबे समय से चले आ रहे इस फॉर्मेट में सबसे अधिक शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए केवल तीन शतकों की जरूरत है।
यह शायद Virat Kohli का आखिरी वर्ल्ड कप है: Ricky Ponting
सचिन तेंदुलकर ने 463 ODI मैचों में 49 शतकों की मदद से कुल 18,426 रन बनाए, जो अब तक इस फॉर्मेट में सबसे अधिक है। आज 11 अक्टूबर को टीम इंडिया जारी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में अपने दूसरे मैच में अफगानिस्तान से दिल्ली के अरुण जेटली किकेट स्टेडियम में भिड़ने के लिए तैयार है, और पूर्व भारतीय कप्तान अपने घरेलू मैदान का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहेंगे।
इस बीच, रिकी पोंटिंग ने आईसीसी रिव्यू पॉडकास्ट के नए एपिसोड में कहा: “मुझे लगता है कि विराट कोहली इस विश्व कप में सचिन के रिकॉर्ड को तोड़ देगा। मुझे लगता है कि वह निश्चित रूप से इस टूर्नामेंट में दो शतक लगाएगा, हां यह एक अलग बात है कि वह तीन शतक भी लगा सकता है। लेकिन भारत में वेन्यू, विकेट और मैदान बड़ा स्कोर करने के लिए बहुत अनुकूल है। कौन जानता है, यह शायद विराट का आखिरी वर्ल्ड कप भी हो सकता है।
सचिन के रिकॉर्ड की बराबरी कर सकता है विराट: पोंटिंग
अगर उसे वह मानसिकता मिलती है, और हमने देखा कि वह बहुत अच्छे टच में है, और हम जानते हैं कि वह रनों के लिए हमेशा भूखा रहता है। वह एक मैच विजेता खिलाड़ी है, वह अपने लिए और अपनी टीम के लिए सफलता चाहता है। इस विश्व कप के अंत में पूरी संभावना है कि विराट सचिन के रिकॉर्ड की बराबरी कर सकता है। अगर विराट इस विश्व कप में सचिन का रिकॉर्ड नहीं भी तोड़ पाता है, तो उस रिकॉर्ड की बराबरी करना भी अपने आप में बहुत बड़ी बात है।”