“मैं हार नहीं मान रहा हूं, लेकिन….”: वेस्टइंडीज के इस स्टार ने टीम में नहीं मिली जगह तो क्रिकेट से बना ली दूरी
डैरेन ब्रावो ने 200 मैचों में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया है।
अद्यतन - नवम्बर 26, 2023 3:27 अपराह्न

वेस्टइंडीज के अनुभवी बल्लेबाज डैरेन ब्रावो (Darren Bravo) ने इंग्लैंड के खिलाफ आगामी ODI सीरीज के लिए नजरअंदाज किए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से ब्रेक लेने की घोषणा की है।
दरअसल, 34 वर्षीय डैरेन ब्रावो (Darren Bravo) को उनकी उम्र के कारण इंग्लैंड के खिलाफ 3 दिसंबर से शुरू हो रही तीन मैचों की ODI सीरीज के लिए चयनकर्ताओं ने नजरअंदाज कर दिया था। इस फैसले से निराश होकर ब्रावो ने क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) को झटका देते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से ब्रेक ले लिया है।
Darren Bravo ने क्रिकेट से बना ली है दूरी
आपको बता दें, सुपर50 में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी और पिछले कुछ वर्षों से क्षेत्रीय टूर्नामेंटों में प्रमुख बल्लेबाज होने के बावजूद डैरेन ब्रावो (Darren Bravo) को इंग्लैंड के खिलाफ आगामी ODI सीरीज के नहीं चुना गया। बाएं-हाथ के बल्लेबाज ने आखिरी बार वेस्टइंडीज के लिए फरवरी 2022 में खेला था। इस बीच, ब्रावो ने 26 दिसंबर को सोशल मीडिया पर वेस्टइंडीज के लिए चयन से खुद को दूर रखने के अपने फैसले की घोषणा की।
डैरेन ब्रावो ने इंस्टाग्राम पर लिखा: “मैंने इस पर विचार करने के लिए कुछ समय लिया है कि एक क्रिकेटर के रूप में आगे बढ़ने के लिए मेरा अगला कदम क्या होगा। मेरे करियर के इस पड़ाव पर, यह आसान नहीं है या मुझे यह कहना चाहिए कि अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमता से प्रदर्शन करने में सक्षम होने और खुद को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने की स्थिति में वापस लाने के लिए ऊर्जा, जुनून, प्रतिबद्धता और अनुशासन को जारी रखने में बहुत कुछ लगता है।
मैं हार नहीं मान रहा हूं: डैरेन ब्रावो
मुझसे बिना किसी चर्चा के मुझे बहुत अंधेरी जगह में छोड़ दिया गया है। फिलहाल, तीन टीमें कई प्रारूपों/सीरीजों में खेल रही हैं, जहां लगभग 40-45 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं और अगर मैं हमारे क्षेत्रीय टूर्नामेंटों में अच्छा प्रदर्शन करने और रन बनाने के बावजूद इनमें से किसी भी टीम में नहीं हूं, तो वे मूल रूप से मुझे बता रहे हैं कि मैं टीम की योजनाओं में नहीं हूं। मैं हार नहीं मान रहा हूं, लेकिन मेरा मानना है कि थोड़ी देर के लिए दूर जाना सबसे अच्छा विकल्प है, और शायद युवा और उभरती प्रतिभाओं के लिए कुछ जगह बनाई जा सके। मैं सभी को शुभकामनाएं देते हुए अपनी बात समाप्त करूंगा।”
आपको बता दें, ब्रावो ने 200 मैचों में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने आठ शतकों के साथ 36.47 की औसत से 3538 टेस्ट रन बनाए हैं। वनडे में उनके नाम 3109 रन हैं, जिसमें चार शतक शामिल हैं।