IPL 2024: महत्वपूर्ण मैच में अभिषेक पोरेल और ट्रिस्टन स्टब्स ने खेली बहुमूल्य पारी, DC ने LSG के खिलाफ बनाया बड़ा स्कोर
इस मुकाबले में दिल्ली टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट खोकर 208 रन बनाए।
अद्यतन - मई 14, 2024 9:36 अपराह्न

इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का महत्वपूर्ण मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में दिल्ली टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट खोकर 208 रन बनाए। बता दें, दोनों ही टीमों के लिए इस मैच को जीतना बेहद जरूरी है।
दिल्ली टीम की शुरुआत इस मैच में इतनी अच्छी नहीं हुई थी और आक्रामक सलामी बल्लेबाज Jake Fraser-McGurk बिना खाता खोले ही वापस पवेलियन लौट गए। हालांकि पहला विकेट गिरने के बाद अभिषेक पोरेल और शाई होप ने दूसरे विकेट के लिए 94 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। अभिषेक पोरेल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 58 रनों की विस्फोटक पारी खेली। पोरेल ने लखनऊ सुपर जायंट्स के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सभी के खिलाफ कड़ा प्रहार किया।
पोरेल के अलावा शाई होप ने 24 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 38 रनों की बेहतरीन पारी खेली। कप्तान ऋषभ पंत ने 33 रनों का योगदान दिया। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से ट्रिस्टन स्टब्स ने भी कमाल की बल्लेबाजी की और 25 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 57* रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनकी इसी पारी की वजह से दिल्ली पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रन के स्कोर तक पहुंच पाई।
लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से नवीन उल हक ने चार ओवर में 51 रन देकर दो विकेट झटके जबकि अरशद खान और रवि बिश्नोई ने एक विकेट अपने नाम किया।
लखनऊ सुपर जायंट्स को दिल्ली के खिलाफ मैच जीतने के लिए 209 रन बनाने होंगे
लखनऊ को अगर यह मैच जीतना है तो उन्हें 20 ओवर में 209 बनाने होंगे। लखनऊ को अगर इस सीजन के प्लेऑफ में अपनी जगह बनानी है तो उन्हें यह मैच जीतना बेहद जरूरी है। फिलहाल पहली पारी के खत्म होने के बाद दिल्ली टीम इस मैच में काफी आगे है।
दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में 13 मैच खेले हैं जिसमें से 6 में टीम में जीत दर्ज की है जबकि 7 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। आईपीएल 2024 की अंक तालिका में दिल्ली कैपिटल्स 12 अंकों के साथ छठवें पायदान पर है। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स ने अभी तक 12 मैच में 6 में जीत दर्ज की है जबकि 6 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। टीम के भी 12 अंक है और वो इंडियन प्रीमियर लीग 2024 की अंक तालिका में सातवें पायदान पर है।