अब यह हमारे हाथ में है कि अपनी किस्मत को हमें कैसे बदलना है: दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच अजित अगरकर ने दिया बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

अब यह हमारे हाथ में है कि अपनी किस्मत को हमें कैसे बदलना है: दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच अजित अगरकर ने दिया बड़ा बयान

दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक इस सत्र में चार मुकाबले खेले हैं और चारों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।

Ajit Agarkar (Pic Source-Twitter)
Ajit Agarkar (Pic Source-Twitter)

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में दिल्ली कैपिटल का प्रदर्शन अभी तक काफी निराशाजनक रहा है। उन्होंने अभी तक इस सत्र में चार मुकाबले खेले हैं और चारों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। अब उन्हें अपना अगला मुकाबला 15 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ बैंगलोर के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलना है। इस मैच से पहले दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच अजित अगरकर ने अपनी टीम के प्रदर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया।

दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच अजित अगरकर ने मुकाबले से पहले कहा कि, ‘उम्मीद कर रहा हूं कि अब हम जीत के काफी पास पहुंच रहे हैं। पिछले मैच में भी हमारी टीम ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन अंत में हम मुकाबला हार गए। हमने अभी तक उतना अच्छा नहीं खेला है जितना हमने उम्मीद की थी। इस टीम के सभी खिलाड़ी काफी अच्छे हैं और सभी के पास क्वालिटी है।’

उन्होंने आगे कहा कि, ‘अब यह हमारे हाथ में है कि चीजों को कैसे बदलना है। अगले मुकाबले में भी हमारे पास मौका रहेगा। अगर हमने अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेला तो हमें उसमें कुछ अंक जरूर मिलेंगे। हम यही कोशिश कर रहे हैं कि सभी खिलाड़ी अपनी गलतियों को समझें और उसे जल्द से जल्द ठीक करें और एक ग्रुप की तरह अच्छा प्रदर्शन करें।’

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर काफी अच्छी टीम है: अजित अगरकर

अजित अगरकर ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी जब RCB के खिलाफ खेलने के लिए उतरेंगे तो वो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को देखेंगे। उन्होंने आगे कहा कि, ‘रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर काफी अच्छी टीम है। पिछले सीजन में भी उन्होंने प्लेऑफ में अपनी जगह बनाई थी। लेकिन हम दिल्ली कैपिटल्स के रूप में क्या कर सकते हैं इस पर फोकस करेंगे। हमें यह बात अच्छी तरह से पता है कि जब भी हमारा दिन होगा हम किसी भी टीम को मात दे सकते हैं।’

दिल्ली कैपिटल्स को अगर इस सीजन के प्लेऑफ में अपनी जगह बनानी है तो उन्हें अब यहां से सभी मुकाबलों में जीत दर्ज करनी होगी। RCB के खिलाफ भी वो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को देखेंगे। आज यानी 14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 19वां मुकाबला खेला जाएगा।

close whatsapp