RCB के खराब प्रदर्शन पर भड़के विराट कोहली, कहा- हम हारने के ही लायक थे
विराट कोहली ने अपनी टीम पर जमकर भड़ास निकालते हुए कहा कि हम हारने के ही लायक थे।
अद्यतन - अप्रैल 27, 2023 12:20 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 36 वें मुकाबले में कोलकाता नाईट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 21 रनों से हराया। टॉस जीतकर गेंदबाजी करने उतरी बैंगलोर की टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। वहीं पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता की टीम ने 200 रन बना डाले। जिसके जवाब में RCB 179 रन ही बना सकी।
हालांकि कोलकाता की शुरुआत खराब रही लेकिन कप्तान नितीश राणा ने वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर अच्छी साझेदारी की और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में सफल रहें। वहीं RCB की गेंदबाजी भी सामान्य रही लेकिन खराब फील्डिंग और कैच ड्रॉप होने के कारण इस टीम को हार का सामना करना पड़ा।
बता दें इस मुकाबले में बैंगलोर का नेतृत्व विराट कोहली ने किया। दरअसल इस मैच में विराट कोहली ने कप्तानी भूमिका निभाई क्योंकि फाफ डु प्लेसिस फिट नहीं होने के कारण सिर्फ इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर टीम में शामिल हुए। वहीं मैच खत्म होने के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में विराट कोहली ने अपनी टीम पर जमकर भड़ास निकालते हुए कहा कि हम हारने के ही लायक थे।
हमने इस गेम को उनके हाथों में सौंप दिया- विराट कोहली
विराट कोहली ने कहा कि, ईमानदारी से कहूं तो हमने इस गेम को उनके हाथों में सौंप दिया। हम हारने के ही लायक थे। हमने उन्हें जीत दिला दी। हम निश्चित रूप से अच्छा नहीं खेले। अगर आप मैच पर नजर डालेंगे तो हमने अपने मौके का फायदा नहीं उठाया। हमने मैदान पर दो मौके खो दिए, जिसका नतीजा 25-30 रन खर्च करने पड़े।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, लक्ष्य का पीछा करते समय हमने विकेट गवाएं लेकिन हमें खेल में बने रहने के लिए साझेदारी की जरूरत थी। मुझे लगता है सॉफ्ट प्ले देने की जगह स्विच ऑन करने की जरूरत है। हम एक मैच जीतते हैं तो एक मैच हारते हैं। इससे हमें परेशान होना चाहिए। हमें इस लीग के बाकि मैचों में अच्छी स्थिति में बने रहने के लिए कुछ मैच को जीतने की जरूरत है।