पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता ने रविचंद्रन अश्विन को भारतीय टीम की कप्तानी देने की उठाई मांग
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का नया चक्र बहुत जल्द शुरू होने वाला है और इस बार इस ट्रॉफी को भारतीय टीम अपने नाम करने को देखेगी।
अद्यतन - Jun 13, 2023 4:19 pm

ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को करारी शिकस्त दी। 7 जून से शुरू हुए इस महत्वपूर्ण फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 209 रनों से हराया और अपना पहला WTC टाइटल हासिल किया।
अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल के बाद भारतीय टीम को वेस्टइंडीज का दौरा करना है। यह सीरीज जुलाई-अगस्त में खेली जाएगी। सीरीज से पहले पूर्व राष्ट्रीय सिलेक्टर देवांग गांधी ने कहा है कि चेतेश्वर पुजारा की जगह युवा खिलाड़ी के यशस्वी जायसवाल को टेस्ट सीरीज में मौका देना चाहिए। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का नया चक्र बहुत जल्द शुरू होने वाला है और इस बार इस ट्रॉफी को भारतीय टीम अपने नाम करने को देखेगी।
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक देवांग गांधी ने कहा कि, ‘समस्या यह है कि आप वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज में पुजारा को जरूर शामिल करेंगे और अगर उन्होंने रन बनाए तो आप उन्हें टेस्ट क्रिकेट में 1 साल और मौका देना चाहेंगे। तो क्या आप ऐसा करना चाहेंगे या सीधा युवा खिलाड़ी को बड़ी लड़ाई के लिए मौका देंगे?’
रविचंद्रन अश्विन को लेकर देवांग गांधी ने रखा अपना पक्ष
देवांग गांधी का यह भी मानना है कि भविष्य में शुभमन गिल भारतीय टीम की टेस्ट कप्तानी कर सकते हैं और तब तक टीम मैनेजमेंट को रविचंद्रन अश्विन या अजिंक्य रहाणे को कप्तानी का जिम्मा देना चाहिए।
गांधी ने आगे कहा कि, ‘अश्विन क्यों नहीं? और अगर आप ऐसा कहते हैं कि विदेशी परिस्थिति में वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकते हैं तो मैं रहाणे का नाम लेना चाहूंगा। उपकप्तान होने के बावजूद उन्हें प्लेइंग XI से बाहर कई बार किया गया है और थोड़े समय के लिए अश्विन या रहाणे को टीम की कप्तानी सौंप देनी चाहिए।’
वेस्टइंडीज और भारत के बीच पहला टेस्ट मुकाबला 12 जुलाई से शुरू हो रहा है जबकि दूसरा टेस्ट 20 जुलाई से खेला जाएगा। दोनों टीमें इसमें अच्छा प्रदर्शन करने को देखेंगे।