‘धोनी को पंत पर गर्व होगा’, बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के चौथे दिन ऋषभ पंत की स्टंपिंग पर दिनेश कार्तिक का बड़ा बयान
पहले टेस्ट मैच में चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक बांग्लादेश ने दूसरी पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 272 रन बना लिए हैं।
अद्यतन - दिसम्बर 17, 2022 8:25 अपराह्न

भारत और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन बांग्लादेश ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच में अच्छी वापसी की है। भारत से मिले 513 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य पीछा करते हुए आज बांग्लादेश ने 42 रनों से आगे बल्लेबाजी करना शुरू किया।
मैच में पहले विकेट के लिए ओपनर नजमुल हसन शांतो और जाकिर हसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 124 रनों की साझेदारी कर टीम को एक अच्छी स्थिति में पहुंचाया।
भारत को जीत के लिए 4 विकेट की जरूरत
जाकिर हसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने करियर की पहली टेस्ट सेंचुरी लगाई। हालांकि, वह अपनी पारी को 100 रन से आगे नहीं बढ़ा सके। वहीं नजमुल हसन ने भी 67 रनों का योगदान दिया। दिन का खेल समाप्त होने तक बांग्लादेश ने 6 विकेट के नुकसान पर 272 रन बना लिए हैं और अभी उसे मैच जीतने के लिए 241 रनों की जरूरत है।
हालांकि चौथे दिन का पहला सीजन बांग्लादेश के नाम रहा, लेकिन इसके बाद अक्षर पटेल ने 50 रन देकर 3 विकेट निकालकर मैच में टीम इंडिया की वापसी कराई। पटेल ने मैच में यासिर अली, मुशफिकुर रहीम और नरुल हसन का विकेट निकाला। मैच के चौथे दिन नरुल हसन के रूप में आखिरी विकेट गिरा और इस विकेट को निकालने में विकेटकीपर ऋषभ पंत ने अक्षर पटेल का बखूभी साथ निभाया।
पंत ने विकेट के पीछे मुस्तैदी से, एक दम पलक झपकते ही नरुल हसन को 3 रनों पर स्टंपिंग कर दी। अब पंत की इस स्टंपिंग को लेकर अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने बड़ा बयान दिया है।
डीके ने पंत को लेकर दिया बड़ा बयान
चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद कार्तिक ने पंत की उस स्टंपिंग को लेकर क्रिकबज पर कहा, वह धोनी को अपना आइडल मानते हैं और जिस तरीके से उन्होंने वो स्टंपिंग की उस पर धोनी को वास्तव में गर्व होगा। इस स्टंपिंग की सुंदरता यह थी कि जब गेंद करीब पिच होती हौ तो इस स्थिति में तेजी से रिएक्ट करना कठिन हो सकता है।
आपको पहले ही अनुमान हो जाता है कि बल्लेबाज बड़ा शाॅट खेलने जा रहा है। लेकिन ऋषभ पंत गेंद के बल्ले से मिस होने के बाद एक दम तैयार थे, और वह अपना हाथ पहले से ही स्टंप की तरफ ला रहे थे। इस वजह से यह स्टंपिंग इतनी तेज स्पीड से हुई।