WTC फाइनल: सुनील गावस्कर ने रोहित, विराट और जडेजा को बताया टीम इंडिया की कमजोर कड़ी!
सुनील गावस्कर ने कहा कि, आईपीएल के बाद टेस्ट क्रिकेट खेलना बड़ी चुनौती हो सकती है क्योंकि यह लंबा फॉर्मेट है।
अद्यतन - May 31, 2023 12:15 pm

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल मुकाबला 7 जून से 11 जून के बीच लंदन के ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा। बता दें इस मुकाबले को लेकर दोनों ही टीमें इंग्लैंड पहुंच चुकी है और प्रैक्टिस भी शुरू कर दी है।
वहीं WTC फाइनल को लेकर टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने बड़ा बयान दिया है। दरअसल उनका कहना है कि टीम इंडिया के सामने WTC फाइनल खेलने से पहले बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है। उनका मानना है कि आईपीएल के बाद टेस्ट क्रिकेट खेलना बड़ी चुनौती हो सकती है क्योंकि यह लंबा फॉर्मेट है।
WTC फाइनल से पहले सुनील गावस्कर ने बताई टीम इंडिया की सबसे बड़ी कमजोरी
बता दें स्टार स्पोर्ट्स ‘Follow the Blues,’ शो में बातचीत करते हुए सुनील गावस्कर ने कहा कि, टीम के लिए सबसे बड़ी टेस्ट यह होने वाली है कि हर खिलाड़ी टी20 क्रिकेट खेलकर आएगा और टेस्ट क्रिकेट एक लंबा फॉर्मेट होता है। इसलिए मुझे ऐसा लगता है कि यह बड़ी चुनौती हो सकती है। टीम के पास सिर्फ चेतेश्वर पुजारा ही ऐसे खिलाड़ी होंगे जो इंग्लिश काउंटी चैंपियनशिप में खेलते रहें हैं।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, वही एक मात्र खिलाड़ी होंगे जो इन परिस्थितियों में खेल रहे थे। इसलिए यह टीम इंडिया के लिए बड़ी चुनौती होगी। इसके साथ ही सुनील गावस्कर ने अजिंक्य रहाणे के परफॉरमेंस को लेकर भी बात की।
उन्होंने कहा कि, उन्हें इंग्लैंड में खेलने का बहुत अनुभव है। इंग्लैंड में काफी रन बनाए हैं। इसलिए हां मुझे लगता है वह पांचवें नंबर पर टीम के लिए बहुत अहम खिलाड़ी साबित होंगे। मुझे अभी भी लगता है कि उनमें काफी क्रिकेट बचा है और उनके पास यह सुनहरा मौका है। मैं उम्मीद करता हूं कि वह अपने अनुभव से इस मौके का फायदा जरूर उठा सकेंगे और फिर से भारतीय टीम में अपनी जगह बना सकेंगे।