इन तीन भारतीय खिलाड़ियों ने 2022 में अपने शानदार प्रदर्शन से जीता दिनेश कार्तिक का दिल
भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ 2-0 से टेस्ट सीरीज जीत के साथ इस साल का अंत किया।
अद्यतन - Dec 29, 2022 1:04 pm

अनुभवी भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने 28 दिसंबर को साल 2022 में खेल के तीनों प्रारूपों में टीम इंडिया के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का खुलासा किया है। आपको बता दें, भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ 2-0 से टेस्ट सीरीज जीत के साथ इस साल का अंत किया, लेकिन यह साल टीम के लिए कुछ खास नहीं रहा, क्योंकि वे कोई यादगार जीत अपने नाम नहीं कर पाए।
भारतीय क्रिकेट टीम 2022 एशिया कप के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रही और फिर नवंबर में टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ दस विकेट की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, टीम इंडिया को इसी महीने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा, जो 2022 में उनकी आखिरी सीमित ओवरों की सीरीज थी।
दिनेश कार्तिक ने चुना साल 2022 का बेस्ट टेस्ट, वनडे और T20I क्रिकेटर
हालांकि, कुछ भारतीय खिलाड़ियों ने इस साल अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन से सभी का दिल जीता और दिनेश कार्तिक ने भारत के लिए खेल के प्रत्येक प्रारूप में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी चुने। क्रिकबज से बात करते हुए, दिनेश कार्तिक ने ऋषभ पंत को टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी के रूप में चुना। आपको बता दें, युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ने साल 2022 में 12 टेस्ट पारियों में दो शतक और चार अर्धशतकों की मदद से और 61.81 के औसत से 680 रन बनाए।
ऋषभ पंत इस साल टेस्ट क्रिकेट में 500 से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र भारतीय बल्लेबाज थे। जिसके बाद कार्तिक ने श्रेयस अय्यर को 2022 में वनडे क्रिकेट में भारत के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी के रूप में चुना, जिन्होंने 15 पारियों में एक शतक और छह अर्धशतकों की मदद से और 55.69 के औसत से 724 रन बनाए।
अनुभवी भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने अंत में उम्मीद के अनुसार सूर्यकुमार यादव को T20I क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटर के रूप में चुना, जिन्होंने इस साल दो शतकों और नौ अर्धशतकों की मदद से 31 पारियों में 46.54 के औसत और 187.43 की स्ट्राइक रेट से 1164 रन बनाए।