क्या तीनों ही प्रारूपों में भारतीय टीम के होंगे अलग-अलग कप्तान? जानें क्या कहा दिनेश कार्तिक ने - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या तीनों ही प्रारूपों में भारतीय टीम के होंगे अलग-अलग कप्तान? जानें क्या कहा दिनेश कार्तिक ने

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के बाद से भारतीय वनडे और टी-20 टीम की कप्तानी दो अलग-अलग कप्तान कर रहे हैं।

Dinesh Karthik. (Photo by Visionhaus/Getty Images)
Dinesh Karthik. (Photo by Visionhaus/Getty Images)

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के बाद से भारतीय वनडे और टी-20 टीम की कप्तानी दो अलग-अलग कप्तान कर रहे हैं। इस शानदार टूर्नामेंट के बाद ऐसा देखा गया है कि जहां एक तरफ वनडे टीम की कप्तानी रोहित शर्मा कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर टी-20 टीम की कप्तानी हार्दिक पांड्या को सौंपी गई है। दिग्गज खिलाड़ी जैसे रोहित शर्मा और विराट कोहली को टी-20 फॉर्मेट में आराम दिया जा रहा है।

फिलहाल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आधिकारिक तौर पर ऐसी कोई पुष्टि नहीं की है कि अब अलग-अलग फॉर्मेट के अलग-अलग कप्तान नियुक्त किए जाएंगे। अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का मानना है कि इस साल भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के प्रदर्शन के आधार पर कप्तानी को लेकर बोर्ड आधिकारिक बयान दें सकता है।

दिनेश कार्तिक ने क्रिकबज को बताया कि, ‘अगर ऐसा होता है तो क्यों नहीं? लेकिन अभी इसको लेकर कुछ भी कहना गलत होगा और इसकी दो बड़ी वजह हैं। पहली बात 2023 वर्ल्ड कप से पहले भारत सिर्फ एक तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज खेल रही है। वो IPL के बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ यह सीरीज खेलेगी। इसलिए एक बार जब टूर्नामेंट खत्म हो जाए तो हमें पता चल जाएगा कि किसको कौनसा पद देना चाहिए।’

हार्दिक पांड्या ने अभी तक अपना काम बखूबी से निभाया है: दिनेश कार्तिक

दिनेश कार्तिक ने आगे कहा कि, ‘अगर रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहती है तो हम अलग-अलग फॉर्मेट में अलग-अलग कप्तान देखेंगे। उस समय हमें काफी चीजों के बारे में पता चलेगा। वहीं अगर रोहित शर्मा वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को अपने नाम कर लेते हैं तो शायद हम उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में भी कप्तानी का मौका दें।’

हार्दिक पांड्या को लेकर दिनेश कार्तिक ने आगे कहा कि, ‘इस समय मुझे लगता है कि हार्दिक ने अपना काम बखूबी से निभाया है। जब श्रीलंका के खिलाफ मुंबई में टी-20 मैच खेला गया था तब हार्दिक पांड्या ने उनको 160 रन पर रोक दिया था। उस समय वहां पर ओस भी थी। पांड्या ने कमाल की कप्तानी की।

हार्दिक पांड्या बड़े मुकाबलों के खिलाड़ी हैं। विराट कोहली के बाद अगर मुझे किसी से उम्मीद रहती है तो वो हार्दिक हैं। आप इस लिस्ट में जसप्रीत बुमराह को भी शामिल कर सकते हैं। बल्लेबाज के रूप में हार्दिक पांड्या मुश्किल परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करने को देखते हैं। उनकी गेंदबाजी भी कमाल की है। चाहे मिडिल ओवर्स हो या नई गेंद से ओवर फेंकना वो हमेशा अपना शत प्रतिशत देते हैं।’

close whatsapp