IND vs AUS: इंदौर टेस्ट के तीसरे दिन गेंद को नहीं बदलना चाहिए था: दिनेश कार्तिक
इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 9 विकेट से मात दी।
अद्यतन - Mar 4, 2023 1:31 pm

इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 9 विकेट से मात दी। बता दें, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 76 रन का लक्ष्य दिया था। ऑस्ट्रेलिया ने इस लक्ष्य को तीसरे दिन में ही हासिल कर लिया।
बता दें, ऑस्ट्रेलिया की ओर से दूसरी पारी में उस्मान ख्वाजा बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद ट्रेविस हेड ने 53 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 49* रन बनाए जबकि मार्नस लाबुशेन ने 58 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 28* रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। यह ऑस्ट्रेलिया की इस दौरे पर पहली जीत है। चार मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में भारत 2-1 से आगे है।
तीसरे टेस्ट मैच को लेकर भारतीय टीम के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज और कमेंटेटर दिनेश कार्तिक ने अपना पक्ष रखा है। उनके मुताबिक तीसरे दिन गेंद को बदल दिया गया था जिसकी वजह से मुकाबले का रुक पूरी तरह से बदल गया।
क्रिकबज के साथ बातचीत के दौरान कार्तिक ने कहा कि, ‘गेंद बदलने की वजह से काफी फर्क देखने को मिला। पिच इतनी सख्त नहीं थी जितनी उम्मीद की गई थी। गेंद को बदला गया और इसका फायदा ऑस्ट्रेलिया को पूरी तरीके से मिला।’
रविचंद्रन अश्विन को लेकर दिनेश कार्तिक ने रखा अपना पक्ष
दिनेश कार्तिक ने आगे कहा कि, ‘रविचंद्रन अश्विन ऐसे गेंदबाज हैं जब उन्हें एक विकेट मिलता है तो वो 2-3 विकेट और ले लेते हैं। अश्विन ने ट्रेविस हेड को अपनी गेंदबाजी से काफी परेशान किया। उन्होंने शुरुआती 10 ओवर में काफी अच्छी गेंदबाजी की लेकिन जैसे ही गेंद को बदला गया वो खुद उससे खुश नहीं लगे।’
ट्रेविस हेड की पारी को लेकर अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ने आगे कहा कि, ‘शुरुआत में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज को थोड़ी परेशानी हुई लेकिन उसके बाद उन्होंने काफी अच्छी तरह से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। उन्होंने डिफेंस भी काफी अच्छी तरह से किया और भारतीय गेंदबाजों के ऊपर दबाव भी डाला। उन्होंने सही समय पर बाउंड्री भी जड़ी।’