‘धवन के करियर का अंत हो सकता है’ ईशान किशन की धुआंधार पारी के बाद DK का बड़ा बयान
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में बुरी तरह फेल रहे थे शिखर धवन।
अद्यतन - Dec 11, 2022 1:55 pm

भारत और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला कल 10 दिसंबर को दोनों टीमों के बीच जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम, चिटगांव में खेला गया है। इस मैच में भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 131 गेंदों में 210 रनों की शानदार पारी खेली। बता दें कि किशन की इस पारी के बाद उन्होंने न सिर्फ दिग्गजों की लिस्ट में अपना नाम शामिल करवाया बल्कि किशन की इस पारी को कई पूर्व दिग्गजों ने भी सराया है।
वहीं किशन की इस पारी पर अनुभवी भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का कुछ और ही कहना है। कार्तिक के दिए बयान से लग रहा है कि ईशान किशन की इस शानदार पारी के बाद टीम इंडिया के टाॅप ऑर्डर के समीकरण बदल सकते हैं। इसके अलावा कार्तिक को लगता है कि धवन भारतीय वनडे टीम में अपनी जगह खो सकते हैं।
डीके ने धवन को लेकर दिया बड़ा बयान
बता दें कि टीम इंडिया के अगले साल की शुरूआत में श्रीलंका के साथ लिमिटेड ओवर की सीरीज और ईशान किशन की पारी को लेकर कार्तिक ने क्रिकबज पर बड़ा बयान दिया है। कार्तिक ने कहा, श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के लिए देखना होगा कि शिखर धवन कहां खड़े हैं। टीम मैनेजमेंट के लिए यह देखना दिलचस्प होगा कि इस पारी के बाद वे किशन को कैसे ड्रॉप करेंगे।
कार्तिक ने आगे कहा, शुभमन गिल अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं। अगर रोहित शर्मा उपलब्ध रहते हैं तो किसी को अपनी जगह गंवानी होगी और यह शायद धवन हो सकते हैं। यह शिखर धवन के एक शानदार करियर का दुखद अंत हो सकता है। लेकिन यह कुछ ऐसा है कि जिसके जबाव नए चयनकर्ताओं को देने हैं।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए दिनेश कार्तिक ने कहा, यह देखना दिलचस्प है कि अगर शुभमन गिल भारतीय टीम का हिस्सा होते हैं तो शायद वह ओपनिंग करते दिखे क्योंकि वह पिछले कुछ समय से इसे बड़े आत्मविश्वास के साथ करते नजर आ रहे हैं। वहीं जब ईशान को मौका मिला तो उन्होंने दोनों हाथों से लपका है, लेकिन यह शिखर धवन के लिए चिंता का विषय है।