ENG vs SA: 950 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बने जेम्स एंडरसन - क्रिकट्रैकर हिंदी

ENG vs SA: 950 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बने जेम्स एंडरसन

जेम्स एंडरसन ने दोनों पारियों में 3-3 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा के रिकॉर्ड को तोड़ा।

James Anderson. (Photo by Darrian Traynor – CA/Cricket Australia via Getty Images)
James Anderson. (Photo by Darrian Traynor – CA/Cricket Australia via Getty Images)

मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टेस्ट मुकाबले में इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को एक पारी और 85 रनों से मात दी। इसी के साथ तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड ने 1-1 की बराबरी कर ली है। सिर्फ यही नहीं दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने अपने नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज किया है। वो पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं जिन्होंने 950 अंतरराष्ट्रीय विकेट्स हासिल किए हैं।

उन्होंने यह उपलब्धि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मुकाबले में हासिल की। जेम्स एंडरसन ने दोनों पारियों में 3-3 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्रा के रिकॉर्ड को तोड़ा। इस ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 949 विकेट हासिल किए थे और अब एंडरसन उनसे एक कदम आगे आ चुके हैं।

वो इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं। पहले स्थान पर श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन हैं जिनके नाम 1347 अंतरराष्ट्रीय विकेट है। दूसरे पर ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉर्न (1001) और तीसरे पर भारत के अनिल कुंबले (956) है।

आंकड़ों की बात की जाए तो अभी तक एंडरसन ने 174 टेस्ट, 194 वनडे और 19 टी-20 मुकाबले खेले हैं। उन्होंने 2002 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। इसी के साथ उन्होंने तीनों ही प्रारूपों में क्रमश 664, 269 और 18 विकेट झटके हैं। बता दें, अभी कुछ ही हफ्तों पहले एंडरसन ने अपना 40वां जन्मदिन मनाया। सभी लोग यही चाहेंगे कि जेम्स एंडरसन आने वाले समय में और भी कई रिकॉर्ड्स अपने नाम करें।

मेनचेस्टर टेस्ट इंग्लैंड ने किया अपने नाम

तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज का पहला का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका ने एक पारी और 12 रनों से जीता था। दूसरे टेस्ट मुकाबले को जीतना इंग्लैंड के लिए बेहद जरूरी था।

मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका टीम ने अपनी पहली पारी में 151 रन पर ऑलआउट हुई। इसके बाद इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी को 9 विकेट खोकर 415 रन पर घोषित किया। दक्षिण अफ्रीका दूसरी पारी में भी शानदार प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रही और 179 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड ने इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। तीसरा टेस्ट मुकाबला केनिंग्टन ओवल में 8 सितंबर से खेला जाएगा।

close whatsapp