तेंदुलकर से थर-थर कांपती थी ऑस्ट्रेलियाई टीम, ब्रेट ली ने किया सबसे बड़ा खुलासा
ब्रेट ली ने अपने हालिया यूट्यूब वीडियो में 1999 में पहली बार सचिन तेंदुलकर का सामना करने के बारे में बात की।
अद्यतन - Sep 17, 2022 9:25 am

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ब्रेट ली ने एक हैरान करने वाला खुलासा किया है। ली ने बताया कि, जब उन्होंने पहली बार 1999 में भारतीय महान सचिन तेंदुलकर का सामना किया, तब पूरी टीम उनको लेकर क्या सोच रही थी। उस समय सचिन की गिनती सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक के रूप में की जाती थी। बता दें, ऑस्ट्रेलिया की टीम स्लेजिंग के लिए भी खूब जानी जाती है, लेकिन इस टीम ने कभी भी सचिन तेंदुलकर के खिलाफ स्लेजिंग नहीं की।
हाल ही में, तेंदुलकर और ली दोनों मौजूदा रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज़ T20 2022 में खेलते हुए नजर आ रहे हैं। इस बीच शुक्रवार को सचिन ने टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के साथ एक फ्लाइट में जर्नीकरते हुए एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें ली और अन्य ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज नजर आ रहे थे।
ब्रेट ली ने बताया आखिर क्यों ऑस्ट्रेलियाई टीम नहीं करती थी तेंदुलकर को स्लेज?
ली ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई टीम हमेशा यह सुनिश्चित करती थी कि, कोई भी पिच पर सचिन से बात न करें और उन्हें स्लेजिंग करने से बचें। उन्होंने कहा कि अगर आप सचिन को स्लेज करते हैं तो वह हमेशा के लिए क्रीज पर बल्लेबाजी करते रहेंगे, इसलिए ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने भारतीय दिग्गज का सामना करते हुए अपना मुंह बंद रखने की कोशिश की।
ली ने अपने वीडियो में कहा कि, “सचिन मैदान के बाहर जिस तरह के हैं उससे बिल्कुल अलग मैदान पर नजर आते हैं। जब आप गेंदबाजी करते हैं और अगर आप उनकी आंखों में देखते हैं तो ऐसा लगता है जैसे कि वो टाइगर का आंख हो। उन्हें देखकर ऐसा लगता है जैसे कि वो लड़ाई चाहते हैं। हमने हमेशा एक-दूसरे से कहा कि सचिन से बात मत करो जब वो बल्लेबाजी करते हैं, क्योंकि अगर आप उन्हें स्लेज करेंगे तो उनकी बल्लेबाजी दूसरे स्तर की हो जाएगी और वो जल्दी आउट नहीं होंगे।