LSG के खिलाफ कगिसो रबाडा ने फेंकी 2 नो बॉल, नाराज साइमन डूल ने दक्षिण अफ्रीकाई गेंदबाज की जमकर लगाई क्लास - क्रिकट्रैकर हिंदी

LSG के खिलाफ कगिसो रबाडा ने फेंकी 2 नो बॉल, नाराज साइमन डूल ने दक्षिण अफ्रीकाई गेंदबाज की जमकर लगाई क्लास

पंजाब किंग्स की ओर से अनुभवी तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने 4 ओवर में 52 रन देकर दो विकेट झटके।

Simon Doull and Kagiso Rabada (Pic Source-Twitter)
Simon Doull and Kagiso Rabada (Pic Source-Twitter)

28 अप्रैल को इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में खेले गए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने मोहाली में पंजाब किंग्स को 56 रनों से मात दी। बता दें, लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 257 रन बनाए जो इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। पंजाब किंग्स के गेंदबाजों ने इस मैच में काफी खराब गेंदबाजी की और इसी वजह से LSG ने उनके सामने 257 रनों का स्कोर बनाया।

पंजाब किंग्स की ओर से अनुभवी तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने 4 ओवर में 52 रन देकर दो विकेट झटके। सबसे हैरान कर देने वाली बात थी कि उन्होंने इस मैच में दो नो बॉल और दो वाइड फेंकी। उनकी इसी गेंदबाजी को लेकर न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर साइमन डूल ने दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज को जमकर फटकार लगाई।

साइमन डूल जो उस समय कमेंट्री में थे उन्होंने कहा कि, ‘यह सच में अस्वीकार्य व्यवहार है। आप एक अंतरराष्ट्रीय गेंदबाज हैं। उन्होंने इस मैच में कोशिश भी नहीं की। वो काफी पीछे से गेंदबाजी कर रहे थे लेकिन तब भी वो एक इंच से रह गए।’

LSG ने PBKS को दी जबरदस्त मात

लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से सलामी बल्लेबाज काइल मेयर्स ने 24 गेंदों में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 54 रन बनाए जबकि मार्कस स्टोइनिस ने 40 गेंदों में छह चौके और 5 छक्कों की मदद से 72 रन की पारी खेली। आयुष बडोनी ने 24 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से 43 रन बनाए जबकि विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन ने 45 रन का योगदान दिया। पंजाब किंग्स की ओर से किसी भी गेंदबाज ने अच्छी गेंदबाजी नहीं की।

जवाब में पंजाब किंग्स 201 रन पर ऑलआउट हो गई। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की अंक तालिका में इस समय लखनऊ सुपर जायंट्स दूसरे पायदान पर हैं। उन्होंने आठ मुकाबलों में 5 में जीत दर्ज की है जबकि तीन में उनको हार का सामना करना पड़ा है। वहीं पंजाब किंग्स ने अभी तक 8 मुकाबले खेले हैं जिसमें से 4 में उन्होंने जीत दर्ज की है और जबकि चार में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।

close whatsapp