ENG vs AUS: द एशेज 2023 के आंकड़े और रिकॉर्ड एजबेस्टन, बर्मिंघम में
दोनों टीमें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 चक्र की शुरुआत इस पांच मुकाबलों की टेस्ट सीरीज से करेगी।
अद्यतन - Jun 15, 2023 3:02 pm

16 जून से इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज 2023 की शुरुआत होने वाली है। बता दें, दोनों टीमें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 चक्र की शुरुआत इस पांच मुकाबलों की टेस्ट सीरीज से करेगी। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला जाएगा।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 सीजन के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 209 रनों से करारी शिकस्त दी थी। उन्होंने तीनों ही डिपार्टमेंट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया और इस ट्रॉफी को अपने नाम किया। अब आगामी सीजन में भी टीम ऐसा ही प्रदर्शन आगे भी जारी रखना चाहेगी।
ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ ने फाइनल में काफी अच्छी साझेदारी की थी और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। दोनों के बीच 286 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लिश सरजमीं पर आखिरी सीरीज 2001 में जीती थी।
वहीं दूसरी ओर इंग्लैंड ने हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मुकाबला अपने नाम किया। टीम के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि अनुभवी ऑलराउंडर मोईन अली टेस्ट संन्यास से वापसी कर चुके हैं। पहले टेस्ट की प्लेइंग XI में भी उन्हें शामिल किया गया है।
इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया, एशेज सीरीज में हेड टू हेड रिकॉर्ड
अभी तक दोनों टीमों के बीच 340 एशेज मुकाबले खेले जा चुके हैं जिसमें से 140 में ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की है जबकि 108 मुकाबले इंग्लैंड ने जीते हैं। 92 मुकाबलों का रिजल्ट ड्रॉ रहा है।
बर्मिंघम, एजबेस्टन में टेस्ट रिकॉर्ड और आंकड़े
इस वेन्यू में तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। अभी तक 54 मुकाबलों में तेज गेंदबाजों ने 29.86 के औसत से 1154 विकेट बनाए हैं जबकि स्पिनर्स ने 32.24 के औसत से 409 विकेट झटके हैं। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमें 18 मैच जीती है जबकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीमों ने 21 मुकाबले अपने नाम किए हैं। 15 मुकाबले ड्रॉ में समाप्त हुए हैं। पहली पारी का औसत स्कोर इस वेन्यू में 309.87 का रहा है। जो भी टीम टॉस जीतेगी वो लक्ष्य का पीछा करना पसंद करेगी।