IND vs ENG: तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने किया अपनी प्लेइंग XI का ऐलान, इस खिलाड़ी को किया गया बाहर
तीसरे टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग XI में हुआ बड़ा बदलाव।
अद्यतन - Feb 14, 2024 2:39 pm

भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही पांच मैचों की सीरीज के तीसरे टेस्ट से पहले, बेन स्टोक्स की अगुवाई वाली टीम ने सीरीज के तीसरे टेस्ट के लिए अपनी प्लेइंग XI का ऐलान कर दिया। गौरतलब है कि दोनों टीमें 15 फरवरी से राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में तीसरे टेस्ट में आमने-सामने होंगी।
इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के लिए ये मैच काफी स्पेशल होने वाला है। कप्तान बने स्टोक्स राजकोट में अपना 100वां टेस्ट मैच खेलने उतरेंगे। इंग्लैंड ने हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट में भारत को 28 रन से हराया था। वहीं दूसरे मैच में भारत ने वापसी करते हुए 106 रन से जीत दर्ज की थी।
IND vs ENG: तीसरे टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड की टीम में हुआ एक बदलाव
इस मैच के लिए मेहमान टीम ने अपनी टीम में सिर्फ एक बदलाव की घोषणा की, जिसमें स्टार तेज गेंदबाज मार्क वुड को शोएब बशीर की जगह टीम में शामिल किया गया। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड को हैदराबाद में खेलने का मौका मिला था लेकिन वह एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके थे। दूसरे मैच में उनकी जगह जेम्स एंडरसन को मौका मिला था।
भारतीय सरजमीं पर कदम रखने के बाद से स्पिनर टॉम हर्टली का आत्मविश्वास काफी बढ़ चुका है। उन्होंने अपनी सटीक लाइन और लेंथ से भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है और उनकी आक्रामक बल्लेबाजी टीम की मनसिकता के अनुकूल है।
जो रूट बल्लेबाजी के साथ-साथ पार्ट टाइम स्पिन गेंदबाजी भी कर रहे हैं, लेकिन इंग्लैंड के पास अपने इस सबसे सीनियर बल्लेबाज से गेंदबाजी कराने के अलावा कोई विकल्प नहीं है क्योंकि जैक लीच घुटने की चोट के कारण श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। टीम को हालांकि उनसे बल्लेबाजी में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
तीसरे मैच के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन
जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फॉक्स, रेहान अहमद, टॉम हार्टले, मार्क वुड, जेम्स एंडरसन