ENG vs IND: जसप्रीत बुमराह का पैर स्टंप्स में लगा था लेकिन फिर भी नहीं हुए आउट, देखें वीडियो
ओवर की चौथी गेंद पर बुमराह शॉट लगाते वक़्त अपना बैलेंस खो बैठे और जमीन पर गिर गए। उनके जमीन में गिरने से पहले उनका पैर थोड़ा सा स्टंप्स में जा लगा लेकिन किस्मत की बात ये रही कि बेल्स नीचे नहीं गिरी।
अद्यतन - Jul 2, 2022 9:38 pm

इंग्लैंड बनाम भारत के बीच चल रहे पांचवें और आखिरी पुनर्निधारित टेस्ट मुकाबले का पहला दिन अगर भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का रहा था तो दूसरा दिन कप्तान जसप्रीत बुमराह के नाम रहा।
बता दें, इस मुकाबले के पहले दिन ऋषभ पंत ने 111 गेंदों में 146 रन बनाए थे और अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था। वहीं दूसरी ओर जसप्रीत बुमराह ने दूसरे दिन स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ही ओवर में 35 रन जड़ दिए। इसमें 6 रन अतिरिक्त के थे। इस ओवर की एक गेंद में बुमराह का पैर स्टंप में तो लगा था लेकिन बेल्स नहीं गिरी।
यह सब हुआ मुकाबले के 84वें ओवर में। ये वो ओवर था जिसे इंग्लैंड टीम के तेज गेंदबाज स्टूअर्ट ब्रॉड जरूर भुलाना चाहेंगे क्योंकि बुमराह ने इसी ओवर में ब्रॉड को 35 रन जड़े थे। इस ओवर की चौथी गेंद पर बुमराह शॉट लगाते वक़्त अपना बैलेंस खो बैठे और जमीन पर गिर गए। उनके जमीन में गिरने से पहले उनका पैर थोड़ा सा स्टंप्स में जा लगा लेकिन किस्मत की बात ये रही कि बेल्स नीचे नहीं गिरी। साथ ही ये गेंद चौके के लिए भी गई।
What just happened pic.twitter.com/vKp1qtngJa
— Cricket (@CricCricketCric) July 2, 2022
स्टुअर्ट ब्रॉड ने इस मुकाबले में टेस्ट इतिहास का सबसे महंगा ओवर फेंका। इस ओवर में 6 रन अतिरिक्त के भी थे (5 रन वाइड के और 1 रन नो बॉल का )। इससे पहले स्टुअर्ट ब्रॉड ने टी-20 क्रिकेट में 1 ओवर में 36 रन लुटाए थे। 2007 में युवराज सिंह ने उन्हें एक ही ओवर में 6 छक्के जड़े थे।
भारत ने अपनी पहली पारी में बनाए 416 रन
भारत ने दूसरे दिन 338/7 के स्कोर से अपनी पारी की शुरुआत की और 416 रन पर ढेर हो गई। रवींद्र जडेजा ने भी अपना शतक पूरा किया। उन्होंने कुल 194 गेंदों में 104 रन बनाए। उन्होंने और मोहम्मद शमी ने दूसरे दिन की शुरुआत काफी बेहतरीन की।
हालांकि लगातार विकेट गिरने की वजह से भारतीय टीम 416 रन ही बना पाई। मेजबान टीम की ओर से जेम्स एंडरसन ने 5 विकेट झटके। खबर लिखे जाने तक इंग्लैंड ने चायकाल के समय तक तीन विकेट खोकर 60 रन बना लिए हैं। तीनों ही विकेट कप्तान जसप्रीत बुमराह ने झटके हैं।