अगर भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी जीतनी है तो....: पूर्व मुख्य चयनकर्ता ने रोहित और द्रविड़ को दी बड़ी सलाह - क्रिकट्रैकर हिंदी

अगर भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी जीतनी है तो….: पूर्व मुख्य चयनकर्ता ने रोहित और द्रविड़ को दी बड़ी सलाह

इस समय भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के लिए सबसे बड़ी चिंता स्पिनर्स को चुनने की है।

Sunil Joshi
Sunil Joshi. (Photo Source: Twitter)

9 फरवरी से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नागपुर में चार मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। तमाम लोग इस बॉर्डर गावस्कर सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस समय भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के लिए सबसे बड़ी चिंता स्पिनर्स को चुनने की है।

बता दें, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने चार मुकाबलों की टेस्ट सीरीज के पहले दो टेस्ट मुकाबलों के लिए इंडियन टीम की घोषणा कर दी है। स्पिनरों के रूप में उनके पास रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा हैं। इसी को लेकर भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता सुनील जोशी ने एक बड़ी सलाह दी है।

सुनील जोशी के मुताबिक रोहित और द्रविड़ को परिस्थिति के हिसाब से स्पिनरों को चुनना चाहिए। जडेजा ने हाल ही में रणजी ट्रॉफी मुकाबले में सौराष्ट्र की ओर से तमिलनाडु के खिलाफ दूसरी पारी में 7 विकेट झटके हैं।

कुलदीप यादव को प्लेइंग XI में जरूर होना चाहिए: सुनील जोशी

ESPNक्रिकइंफो के साथ बातचीत के दौरान सुनील जोशी ने कहा कि, ‘कुलदीप यादव को चुनने की सबसे बड़ी बात यह है कि वो इस समय अपने फॉर्म में हैं। वो विकेट भी चटका रहे हैं। वो बल्लेबाजों को बोल्ड भी कर रहे हैं और स्लिप में कैच भी करवा रहे हैं। वो हर तरीके से विकेट अपने नाम कर रहे हैं।’

जोशी ने आगे कहा कि, ‘अगर अश्विन पहले विकल्प हैं और जडेजा उपलब्ध नहीं है तब कुलदीप और अक्षर को खेलना चाहिए। अगर जडेजा उपलब्ध हैं और वो तीन स्पिनरों को खिलाना चाहते हैं तो कुलदीप को भी खेलना चाहिए। वेन्यू को ना देखें या ये मत सोचें कि स्पिनर वहां पर अच्छी गेंदबाजी नहीं करेंगे। आप बस यह देखें कि कुलदीप ने विकेट झटके हैं।

चाहें लाल गेंद हो या सफेद गेंद उन्होंने 30 यार्ड घेरे में ही बल्लेबाजों को आउट किया है। एक गेंदबाज के लिए यह काफी बड़ी बात है। उनकी लाइन और लेंथ कमाल की है। अगर भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीतना है तो कुलदीप यादव को खिलाना बेहद जरूरी है।’

close whatsapp