महा-मुकाबले से पहले भारतीय गेंदबाजों से डरे आकिब जावेद, पाक बल्लेबाजों को दी चेतावनी - क्रिकट्रैकर हिंदी

महा-मुकाबले से पहले भारतीय गेंदबाजों से डरे आकिब जावेद, पाक बल्लेबाजों को दी चेतावनी

भारतीय टीम में जसप्रीत बुमराह की कमी जरूर खलेगी लेकिन मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार पाकिस्तानी बल्लेबाजों को काफी परेशान कर सकते हैं: आकिब जावेद

Aaqib Javed
Aaqib Javed. (Photo Source: Twitter)

भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में अपने अभियान का आगाज पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के साथ करेगी। यह मैच 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में  खेला जाएगा। तमाम फैंस इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस मैच से पहले पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर आकिब जावेद ने अपनी टीम को यह चेतावनी दी है कि भारतीय गेंदबाजी यूनिट को हल्के में ना लिया जाए।

बता दें, चोटिल होने की वजह से भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे लेकिन मोहम्मद शमी को उनके विकल्प के रूप में चुना गया है। आकिब जावेद का मानना है कि भारतीय टीम में जसप्रीत बुमराह की कमी जरूर खलेगी लेकिन मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार पाकिस्तानी बल्लेबाजों को काफी परेशान कर सकते हैं।

भारतीय टीम को जसप्रीत बुमराह की कमी जरूर खलेगी: आकिब जावेद

पाकटीवी.टीवी ने अपने यूट्यूब चैनल में एक वीडियो साझा की है जिसमें आकिब जावेद ने कहा है कि, ‘जसप्रीत बुमराह के ना होने से भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया परिस्थितियों में ज्यादा परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।’

सपाट पिचों पर भी यह तेज गेंदबाज अपनी यॉर्कर और बाउंसर से बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं। मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद सिराज काफी अच्छे तेज गेंदबाज है, इसलिए मैं पाकिस्तान को यही कहना चाहूंगा कि उन्हें भारतीय गेंदबाजों को कमजोर नहीं समझना चाहिए। उनके खिलाफ रन बनाना इतना आसान नहीं है।’

आकिब जावेद ने आगे कहा कि, ‘भले ही पाकिस्तानी गेंदबाजी यूनिट भारतीय गेंदबाजी यूनिट से ज्यादा मजबूत है, लेकिन इन परिस्थितियों में उनको हल्के में नहीं लेना चाहिए। मोहम्मद शमी बहुत अच्छे तेज गेंदबाज हैं और खासतौर पर जिन पिचों से गेंदबाजों को थोड़ी भी मदद मिलती है वहां इस भारतीय तेज गेंदबाज को रोकना नामुमकिन है। इन परिस्थितियों में सिराज भी काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। स्विंग और गति वाली परिस्थितियों में भुवनेश्वर कुमार से बेहतर गेंदबाज कोई नहीं है।’

भारतीय बल्लेबाजों को लेकर जावेद ने कहा कि, ‘क्रिकेट का सीजन ऑस्ट्रेलिया में अब शुरू हुआ है। पिच थोड़ी नरम रहेगी। अगर आप लेंथ और स्विंग को देखेंगे तो गेंदबाजों के लिए यहां काफी मदद मिलेगी। जिस तरह से शाहीन को इन परिस्थितियों में स्विंग मिल रही थी उसको देखकर मुझे बहुत खुशी हुई। शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ को खेलना भारतीय बल्लेबाजों के लिए काफी मुश्किल होने वाला है।’

close whatsapp