टी-20 वर्ल्ड कप 2022 ने मेरी जिंदगी बदल दी: ल्यूक वुड
मुझे ऐसा लगता है कि मैं पहले से काफी बेहतर हो गया हूं और आगे और भी बेहतर होता चला जाऊंगा: ल्यूक वुड
अद्यतन - Nov 18, 2022 6:22 pm

17 नवंबर को एडिलेड ओवल में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 6 विकेट से मात देकर तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ल्यूक वुड का मानना है कि टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के खत्म होने के बाद अब उन्हें अपने अंदर काफी परिवर्तन दिख रहा है और अब वो पहले से काफी बेहतर हो गए हैं।
बता दें, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में ल्यूक वुड ने 10 ओवर में बिना विकेट लिए 59 रन दिए थे। यह उनके अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट का डेब्यू मैच था। उन्होंने अपनी टीम की ओर से दो टी-20 मुकाबले भी खेले हैं जिसमें उन्होंने 24.33 के औसत और 9.12 के इकोनामी से 3 विकेट झटके हैं।
ल्यूक वुड का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह शुरुआती दौर है लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि भविष्य में वो अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित होंगे।
टी-20 वर्ल्ड कप जीतना सपने के सच जैसा है: ल्यूक वुड
ल्यूक वुड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे के बाद कहा कि, ‘कौन खिलाड़ी यह नहीं चाहता कि वो वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा ना रहे। सभी यही चाहते हैं कि वो अपने देश की ओर से खेले और उनकी जीत में अहम भूमिका निभाए। मेरा भी बचपन से यह सपना था कि मैं भी अपनी टीम की ओर से वर्ल्ड कप में हिस्सा लूं। मुझे पता है मैंने टीम की ओर से नहीं खेला लेकिन ऐसे बड़े टूर्नामेंट में टीम के साथ रहना भी कोई कम खुशी वाली बात नहीं है।
मुझे ऐसा लगता है कि मैं पहले से काफी बेहतर हो गया हूं और आगे और भी बेहतर होता चला जाऊंगा। एक खिलाड़ी के रूप में ऐसे माहौल में रहना सच में कमाल की बात होती है।’
वुड ने आगे कहा कि, ‘ मैं टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की इंग्लैंड के रिज़र्व खिलाड़ियों में शामिल था। मुझे पहले ऐसा नहीं लगता कि रिजर्व खिलाड़ियों को मेडल मिलता है लेकिन मुझे मिला। हम सब ने एक साथ फोटो खींची और एक दूसरे की शर्ट में हस्ताक्षर किए। मैंने भी अपनी शर्ट पर हस्ताक्षर करवाए। इन सब चीजों को मैं लंबे समय तक नहीं भूल पाऊंगा।’