‘मुझे नहीं लगता है कि वो टी-20 के गेंदबाज हैं’- प्रसिद्ध कृष्णा की गेंदबाजी को लेकर बोला ये पूर्व क्रिकेटर
प्रसिद्ध कृष्णा ने आयरलैंड के खिलाफ पहले टी-20 मैच में दो विकेट अपने नाम किए।
अद्यतन - अगस्त 19, 2023 2:32 अपराह्न

भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा आयरलैंड के खिलाफ T20I डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की शानदार गेंदबाजी से प्रभावित हुए। विशेष रूप से, जसप्रीत बुमराह की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने पहला मैच दो रन (DLS) से जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए, आयरिश टीम केवल 139 रन पर सिमट गई। गेंदबाजी की बात करें तो भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा, कप्तान बुमराह और स्पिनर रवि बिश्नोई ने दो-दो विकेट लिए। अपना पहला टी20 मैच खेल रहे प्रसिद्ध कृष्णा की आकाश चोपड़ा ने जमकर तारीफ की। उन्होंने प्रसिद्ध कृष्णा की लाइन और लेंथ को देखते हुए कहा कि, वो टेस्टफॉर्मेट के लिए एक दम सही गेंदबाज होंगे।
आकाश चोपड़ा ने जमकर की प्रसिद्ध कृष्णा की तारीफ
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि, “दो प्लेयर्स को टी20 कैप दी गई – रिंकू सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा ने अपना डेब्यू किया। यह थोड़ा आश्चर्य की बात थी कि प्रसिद्ध ने अब तक अपना डेब्यू नहीं किया था। (जसप्रीत) बुमराह के अलावा, दूसरी अच्छी कहानी प्रसिद्ध कृष्णा की थी।”
उन्होंने आगे कहा कि, “आमतौर पर, जब मैं प्रसिद्ध कृष्णा को देखता हूं, तो मुझे लगता है कि वह टी20 गेंदबाज नहीं हैं। वह एक ऐसा गेंदबाज है जो अच्छी लाइन और लेंथ से गेंदबाजी करता है, जो वनडे और टेस्ट में बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगा, लेकिन टी20 के लिए भी, उसके पास गति है, तेज यॉर्कर है, धीमी यॉर्कर उतनी अच्छी नहीं है लेकिन वह ऐसी गेंदबाजी कर सकता है।”
चोपड़ा ने इस दौरान प्रसिद्ध कृष्णा की गेंदबाजी एक्शन को लेकर भी बात की। उन्होंने आगे कहा कि, “अतिरिक्त उछाल और हाई-आर्म एक्शन से क्या होता है? जितनी अधिक ऊंचाई से गेंद को छोड़ा जाता है, उसे उतनी ही अधिक उछाल मिलती है। इसका फायदा यह है कि, प्रसिद्ध लंबा है और उसके पास हाई-आर्म एक्शन है, गेंद अक्सर बल्ले के ऊपरी हिस्से पर लगती है।”