वर्ल्ड कप 2023 में खेलते हुए नजर आ सकते हैं जोफ्रा आर्चर: पॉल फारब्रेस
इंग्लैंड के पूर्व सहायक कोच पॉल फारब्रेस ने शानदार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की चोट को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।
अद्यतन - Jul 27, 2023 5:51 pm

इंग्लैंड के पूर्व सहायक कोच पॉल फारब्रेस ने शानदार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की चोट को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उनके मुताबिक जोफ्रा आर्चर काफी तेजी से रिकवर हो रहे हैं और उम्मीद की जा सकती है कि वो ICC पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में खेलते हुए नजर आए।
बता दें, वनडे वर्ल्ड कप 2023 भारत में खेला जाएगा और इसकी शुरुआत 5 अक्टूबर से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो रही है जहां इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला खेला जाएगा। 2019 सीजन में जोफ्रा आर्चर ने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए 20 विकेट अपने नाम किए थे। उनकी घातक गेंदबाजी की वजह से ही इंग्लैंड ने पहली बार वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को अपने नाम किया था। उन्होंने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया था।
हालांकि पिछले काफी समय से जोफ्रा आर्चर चोटिल रहे हैं और इसी वजह से वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से भी दूर रहे हैं। इस चोट की वजह से ही अनुभवी तेज गेंदबाज इस समय खेले जा रहे एशेज 2023 में भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड की ओर से भाग नहीं ले रहे। पॉल फारब्रेस की मानें तो जोफ्रा आर्चर खुद को वनडे वर्ल्ड कप के लिए तैयार कर रहे हैं और वो इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में खेलने के लिए बेताब है।
इंग्लैंड के लिए बहुत अच्छी बात है कि जोफ्रा आर्चर वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे: पॉल फारब्रेस
पॉल फारब्रेस ने BBC रेडियो 5 लाइव को बताया कि, ‘वो काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और मुझे लगता है कि वर्ल्ड कप से पहले वो पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे। यह इंग्लैंड के लिए भी बहुत बड़ी बात है। इंग्लैंड को भी अब उनके अंदर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बाहर निकालने की जरूरत है।’
पॉल फारब्रेस के मुताबिक अनुभवी तेज गेंदबाज इंग्लैंड के लिए सभी प्रारूपों में अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस हिसाब से जोफ्रा आर्चर अपनी चोट से उभर रहे हैं उसको देखकर यह कहा जा सकता है कि हम बहुत जल्द उन्हें टेस्ट फॉर्मेट में भी जबरदस्त वापसी करते हुए देखेंगे।