जहीर खान ने किया बड़ा खुलासा, बताया सुधीर नाइक ने कैसे उनकी जिंदगी को पूरी तरह से बदल कर रख दिया - क्रिकट्रैकर हिंदी

जहीर खान ने किया बड़ा खुलासा, बताया सुधीर नाइक ने कैसे उनकी जिंदगी को पूरी तरह से बदल कर रख दिया

सुधीर नाइक के नाम भारत के लिए वनडे में पहला चौका लगाने का भी रिकॉर्ड है।

Sudhir Naik and Zaheer Khan (Pic Source-Twitter)
Sudhir Naik and Zaheer Khan (Pic Source-Twitter)

भारत के पूर्व ओपनर सुधीर नाइक का बुधवार यानी 5 अप्रैल को निधन हो गया। वो काफी समय से बीमार चल रहे थे और मुंबई के अस्पताल में भर्ती थे। वो 78 वर्ष के थे। बता दें, उन्होंने भारत के लिए तीन टेस्ट और दो वनडे खेले थे। सुधीर के नाम भारत के लिए वनडे में पहला चौका लगाने का भी रिकॉर्ड है। उन्होंने ऐसा 1974 में लीड्स के हेडिंग्ले में इंग्लैंड के खिलाफ किया था।

सुधीर नाइक ने रणजी ट्रॉफी 1970-71 में अपनी कप्तानी में मुंबई को जीत दिलाई थी। प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी उन्होंने इस खेल का साथ नहीं छोड़ा और सुधीर नाइक ने वानखेड़े स्टेडियम में पिच क्यूरेटर की भूमिका अदा की। वानखेड़े पिच क्यूरेटर के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान 2011 ICC वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल इसी मैदान पर खेला गया था जिसके लिए उन्होंने यहां के ट्रक को क्यूरेट किया था। इसके लिए उन्हें बाद में काफी प्रशंसा भी मिली थी।

वो मुंबई में नेशनल क्रिकेट क्लब के संस्थापक-सह-कोच भी थे, जिसने वसीम जाफर, राजेश पवार और पारस म्हाम्ब्रे जैसे प्रसिद्ध खिलाड़ियों को एक नई पहचान दी। यही नहीं भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान भी उन्हीं की एक खोज थे। द इंडियन एक्सप्रेस के हालिया इंटरव्यू में जहीर खान ने इस बात का खुलासा किया कि सुधीर नाइक ने उनके करियर को बेहतर करने में काफी बड़ी भूमिका निभाई।

हमेशा पूछना चाहता था लेकिन कभी पूछ नहीं पाया: जहीर खान

जहीर खान ने कहा कि, ‘हाल ही में जब मैं उनसे मिलने गया था और मैंने सर को अस्पताल के बेड में लेटा हुआ देखा तो मेरे दिमाग में काफी पुरानी चीजें चलने लगी। मैं नेशनल क्रिकेट क्लब ग्राउंड जो क्रॉस मैदान, मुंबई में है वहां गया था और सुधीर सर ने मुझे वहां नेट्स में गेंदबाजी करते हुए देखा। अभी तक यह एक राज है कि उन्होंने मेरे अंदर क्या देखा?’

जहीर ने आगे कहा कि, ‘नेशनल क्रिकेट क्लब मुंबई लीग के डिवीजन ए में मुझे टीम में शामिल किया गया। मुझे यह देखकर काफी हैरानी हुई क्योंकि मैं काफी नया था और टीम के पास पहले से ही काफी अच्छे तेज गेंदबाज थे। मेरे पास ज्यादा अनुभव भी नहीं था और किसी स्तर में मैंने क्रिकेट भी नहीं खेला था लेकिन उन्होंने मेरे ऊपर भरोसा जताया।’

सुधीर नाइक के निधन की खबर सुनकर जहीर खान ने आगे कहा कि, ‘जब मैंने बुधवार को उनके निधन की खबर सुनी तो मुझे हमारे बीच की बातचीत याद आ गई। मैं उनसे आज तक यह बात नहीं पूछ पाया लेकिन मुझे जानना था कि आखिर उन्होंने मेरे अंदर ऐसा क्या देखा? नेट्स में पहले दिन मैं गेंदबाजी कर रहा था और उन्होंने मुझे वहीं पर पहली बार देखा। यह मेरे लिए आज भी एक राज है कि आखिर उनको नेट्स में मेरी गेंदबाजी इतनी अच्छी कैसे लग गई।’

close whatsapp