लालचंद राजपूत ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए चुनी फिरकी के फनकारों की फौज - क्रिकट्रैकर हिंदी

लालचंद राजपूत ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए चुनी फिरकी के फनकारों की फौज

क्या आर अश्विन को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए टीम इंडिया में जगह मिल सकती हैं।

India. (Photo Source: BCCI)
India. (Photo Source: BCCI)

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोच लालचंद राजपूत ने आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए अपना भारतीय स्पिन आक्रमण चुना है। इस साल अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का सिरदर्द कम करते हुए पूर्व कोच ने कुल पांच स्पिनरों का चयन किया है।

क्रिकट्रैकर के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए, लालचंद राजपूत ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए स्पिन विभाग में कुछ बेहतरीन विकल्पों का सुझाव दिया है। भारतीय चयनकर्ताओं को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए टीम का चयन करना बड़ा सिरदर्द होगा, क्योंकि कई भारतीय स्पिनर जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई पिचें पारंपरिक रूप से स्पिनरों की सहायता के लिए नहीं जानी जाती हैं।

लालचंद राजपूत ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए अपना भारतीय स्पिन आक्रमण चुना

लालचंद राजपूत ने रवींद्र जडेजा को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए अपनी पहली पसंद के रूप में चुना है, और साथ ही उन्होंने युजवेंद्र चहल का भी नाम लिया जो जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। 60-वर्षीय ने इस तथ्य पर भी जोर दिया है कि रविचंद्रन अश्विन या वाशिंगटन सुंदर के बीच राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को किसी एक को चुनना होगा। हालांकि, उन्होंने कहा आर अश्विन को उनके अनुभव के कारण टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए चुना जा सकता है।

इस बीच, दाएं-हाथ के पूर्व बल्लेबाज ने आगे कहा कि कुलदीप यादव और अक्षर पटेल के बीच टॉस होगा। हालांकि, पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा कि कुलदीप यादव को गेंदबाजी में विविधता और जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) में उनके मौजूदा फॉर्म के कारण चुना जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि ऑस्ट्रेलिया में लंबी बाउंड्री के कारण कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल का गेंदबाजी संयोजन टीम इंडिया के लिए कारगर साबित हो सकता है।

आपको बता दें, युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए दोनों में से किसी को भी नजरअंदाज करना चयनकर्ताओं के लिए कठिन होगा। एक तरफ जहां युजवेंद्र चहल ने जहां सिर्फ 11 मैचों में कुल 22 विकेट झटके हैं, वहीं कुलदीप यादव अपनी नई फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए11 मैचों में 18 विकेट चटकाएं हैं।

close whatsapp