विराट की वजह से ही रोहित शर्मा टेस्ट में अच्छी कप्तानी कर रहे हैं- गौतम गंभीर - क्रिकट्रैकर हिंदी

विराट की वजह से ही रोहित शर्मा टेस्ट में अच्छी कप्तानी कर रहे हैं- गौतम गंभीर

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरे टेस्ट मैच में 6 विकेट से मात दी।

Rohit Sharma Virat Kohli Gautam Gambhir (Photo Source: Twitter)
Rohit Sharma Virat Kohli Gautam Gambhir (Photo Source: Twitter)

पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली के नेतृत्व में भारतीय टीम ने टेस्ट क्रिकेट में कई नए मुकाम हासिल किए हैं। टीम इंडिया इस वक्त ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। इस सीरीज में अब तक भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है। शुरुआती दो टेस्ट मैचों में जीत दर्ज कर टीम इंडिया सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुकी है।

लगातार दो टेस्ट मैच जीतने के बाद फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट जमकर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की तारीफ कर रहे हैं। इसी बीच पूर्व भारतीय खिलाड़ी गौतम गंभीर ने रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली की कप्तानी को लेकर बड़ा बयान दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कोहली की जमकर तारीफ भी की है।

विराट और रोहित की कप्तानी में ज्यादा अंतर नहीं है- गौतम गंभीर

भारत ने रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन की घातक गेंदबाजी के चलते ऑस्ट्रेलिया को दिल्ली टेस्ट मैच की दूसरी पारी में 113 रनों पर ऑल आउट कर दिया था। जिसके बाद 115 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। भारत की जीत के बाद गौतम गंभीर ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के कप्तानी के बारे में बात करते हुए स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, ‘सच कहूं मुझे रोहित शर्मा हमेशा से ही एक शानदार कप्तान लगे हैं।’

‘लेकिन इस फॉर्मेट में विराट कोहली और रोहित दोनों की कप्तानी में ज्यादा अंतर नहीं है। विराट कोहली ने ही इस फॉर्मेट में यह टेम्पलेट सेट किया है। टेस्ट टीम की कप्तानी करते हुए विराट ने शानदार काम किया है। रोहित शर्मा बस उनके उस टेम्पलेट को फॉलो कर रहे हैं। अपनी कप्तानी में रोहित ने इस फॉर्मेट में कुछ नया नहीं किया है। जिस तरह से विराट, अश्विन और जडेजा की गेंदबाजी को संभालते थे वह एक अभिन्न कप्तानी थी।’

रोहित के लिए बड़ा चैलेंज विदेश दौरे पर होगा- गौतम गंभीर

विराट कोहली ने अपनी कप्तानी में भारत के साथ-साथ विदेशों में भी शानदार प्रदर्शन किया था। विराट ने अपनी कप्तानी में भारत को कमाल के खिलाड़ी दिए। गौतम गंभीर के मुताबिक रोहित शर्मा के लिए बड़ा चैलेंज विदेशी दौरा होगा। गौतम गंभीर ने आगे बात करते हुए कहा, ‘रोहित शर्मा के लिए सबसे बड़ा चैलेंज तब होगा जब वह ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड जाएंगे।’

‘क्योंकि यह विराट के लिए भी चैलेंज ही था। विराट कोहली ने मोहम्मद शमी, सिराज, जसप्रीत बुमराह, अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ियों के साथ एक सफल टीम बनाई है। मुझे विराट कोहली और रोहित की कप्तानी में ज्यादा अंतर नजर नहीं आता है। मैं यह भी नहीं कहूंगा कि कौन इस स्थिति में बेहतर है। क्योंकि विराट भी अच्छे कप्तान थे जैसे इस वक्त रोहित शर्मा हैं।’

close whatsapp